उत्तर प्रदेश कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आलोक सिंह की स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) को मंजूरी दे दी गई है। शासन की ओर से शनिवार जारी अधिसूचना के जरिए राज्यपाल ने ऑल इंडिया सर्विसेज रूल्स, 1958 के नियम 16(2) के अंतर्गत तत्काल प्रभाव से इसकी स्वीकृति दी। 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी आलोक सिंह अब तक पुलिस महानिदेशक, पीएसी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पद पर कार्यरत थे। अब वे उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष के रूप में नई जिम्मेदारी संभालेंगे। उनका कार्यकाल पदभार ग्रहण की तिथि से 23 जनवरी 2029 तक रहेगा।

आलोक सिंह ने 26 नवंबर को पुलिस महानिदेशक के पद से वीआरएस के लिए आवेदन किया था। उसी दिन उन्हें उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग का अध्यक्ष नामित किया गया और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने संविधान के अनुच्छेद 316(1) के अधीन इस नियुक्ति को स्वीकृति प्रदान की। वे आयोग के पूर्व अध्यक्ष संजय श्रीनेत का स्थान लेंगे, जो 21 नवंबर को सेवानिवृत्त हो गए थे।

अलीगढ़ के मूल निवासी आलोक सिंह का जन्म 24 जनवरी 1967 को हुआ था। वे जनवरी 2027 में सेवानिवृत्ति की निर्धारित आयु 60 वर्ष पूरी करने वाले थे, लेकिन यूपीपीएससी अध्यक्ष के पद पर चयन के कारण उन्होंने तय समय से पहले ही सेवा से विदा ले ली। पुलिस सेवा में उनका लगभग 31 वर्षों का लंबा कार्यकाल रहा है। जनवरी 2020 में प्रदेश में कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने पर उन्हें गौतमबुद्ध नगर का पहला पुलिस कमिश्नर बनाया गया था। इसके अलावा उन्होंने मेरठ रेंज के आईजी और कानपुर जोन के एडीजी जैसे प्रमुख पदों पर भी कार्य किया।

अपने करियर में आलोक सिंह ने सोनभद्र, बागपत, कौशांबी, रायबरेली, उन्नाव, सीतापुर, बिजनौर, कानपुर, मेरठ और बाराबंकी सहित 11 जिलों में पुलिस कप्तान की जिम्मेदारी निभाई। बाराबंकी में पदस्थापन के दौरान उन्होंने जिले में सक्रिय नशीले पदार्थ बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। 2014 में उन्हें कुछ समय के लिए तत्कालीन केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के सुरक्षा प्रमुख के रूप में भी नियुक्त किया गया था, हालांकि यह पद बाद में समाप्त कर दिया गया। उन्होंने सिविल एविएशन विभाग में भी सेवा दी, जहां नेशनल कैरियर्स के लिए इंटरनेशनल सिविल एविएशन ऑर्गनाइज़ेशन (आईसीएओ) के दिशा-निर्देश लागू करने में उनकी अहम भूमिका रही। शिक्षा की बात करें तो उन्होंने आगरा के सेंट जोसेफ स्कूल से स्कूली शिक्षा पूरी की और आगरा यूनिवर्सिटी से गणित में बीएससी की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद रोहतक के केदारनाथ अग्रवाल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट से मार्केटिंग और फाइनेंस में एमबीए किया। वे इटली की विसेंज़ा यूनिवर्सिटी और कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी के किंग्स कॉलेज के फेलो भी रहे हैं। अगस्त 2017 में उन्हें डायरेक्टर जनरल का सिल्वर कमेंडेशन डिस्क और पिछले वर्ष गोल्ड कमेंडेशन डिस्क से सम्मानित किया गया।