आईफोन असेंबल करने वाली ताइवान की कंपनी फॉक्सकॉन ने भारत में अपनी इलेक्ट्रिक एसयूवी मॉडल A+ का डिजाइन रजिस्टर कराया है। कंपनी के आधिकारिक नाम Hon Hai Precision Industry Co., Ltd. के तहत यह डिजाइन 14 अक्टूबर 2026 को दर्ज किया गया। इस कार को बीते 30 अक्टूबर को ताइपे में हुए Hon Hai Tech Day कार्यक्रम में पेश किया गया था।

भारत में दर्ज पेटेंट तस्वीरों में वही बॉक्सी लुक दिखता है, जो ताइपे में प्रदर्शित लाल रंग के मॉडल A+ कॉन्सेप्ट में देखा गया था। रशलेन की रिपोर्ट के मुताबिक इसमें आगे फ्लैट बोनट, पूरी चौड़ाई में फैली पिक्सल-स्टाइल लाइट स्ट्रिप और दोनों किनारों पर वर्टिकल लाइट्स दी गई हैं। मोटा बंपर और चौकोर व्हील आर्च इसे एसयूवी का स्टांस देते हैं, जबकि ऊंची छत, बड़ी साइड विंडो और सीधा टेलगेट MPV जैसा एहसास कराते हैं। पीछे की तरफ भी हॉरिजॉन्टल लाइट स्ट्रिप के साथ वर्टिकल लाइट्स दी गई हैं।

ताइपे में दिखाए गए मॉडल में रूफ रैक, मोटे टायर और पीछे स्लाइडिंग रियर डोर दिया गया था। आगे का सामान्य दरवाजा खुलने और पीछे का दरवाजा स्लाइड होने पर चौड़ा रास्ता बनता है, जिससे अंदर लाउंज-स्टाइल का केबिन खुलता है। कंपनी के मुताबिक इसे कैंपिंग या आउटडोर के दौरान अस्थायी लिविंग स्पेस और बैकअप पावर देने के लिए भी डिजाइन किया गया है। फॉक्सकॉन ने मॉडल A+ को प्रीमियम B-सेगमेंट इलेक्ट्रिक एसयूवी के रूप में पेश किया है, जिसमें इन-व्हील मोटर टेक्नोलॉजी और मैन्युफैक्चरिंग पार्टनर्स के लिए इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक आर्किटेक्चर के ऑप्शन मिलते हैं। कंपनी ने अभी इसकी बैटरी क्षमता, मोटर पावर और रेंज के आंकड़े जारी नहीं किए हैं।

Hon Hai Tech Day में मॉडल A+ के साथ कम कीमत वाली मॉडल K+ लाइफस्टाइल एसयूवी और जापान के केई कॉमर्शियल सेगमेंट के लिए मॉडल K इलेक्ट्रिक ट्रक भी पेश किया गया, जिससे फॉक्सकॉन के रेफरेंस EV मॉडल्स की संख्या 12 हो गई है। फिलहाल कंपनी ने भारत में सिर्फ इस कार का डिजाइन पेटेंट कराया है और इसके लॉन्च के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। कई बार कंपनियां अपने डिजाइन को चोरी से बचाने के लिए भी डिजाइन पेटेंट कराती हैं, इसलिए यह कहना मुश्किल है कि यह कार कब तक मार्केट में आएगी।