प्रतापगढ़ के कुंडा में कमेटी मार्ग स्थित रेलवे फाटक पर रविवार शाम करीब चार बजे एक बाइक वंदे भारत एक्सप्रेस से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फाटक बंद होने के बावजूद बाइक सवार युवक उसे जल्दबाजी में पार करने का प्रयास कर रहे थे, इसी दौरान प्रयागराज से लखनऊ जा रही ट्रेन आ गई और बाइक उसकी चपेट में आ गई। टक्कर से बाइक क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि दोनों युवक मौके से भाग निकले। घटना में किसी की जान नहीं गई।
टकराव के बाद वंदे भारत एक्सप्रेस रेलवे ट्रैक पर ही रुक गई। स्टेशन मास्टर जितेंद्र गुप्ता के मुताबिक ट्रेन करीब 10 मिनट तक खड़ी रही। जांच में सब कुछ ठीक पाए जाने के बाद शाम करीब 4:10 बजे ट्रेन को लखनऊ के लिए रवाना कर दिया गया।
घटना की सूचना पर रेलवे कर्मियों में हलचल मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। क्षतिग्रस्त बाइक देखने के लिए मौके पर काफी देर तक लोग जमा रहे। हादसे के बाद बाइक सवारों के मौके से भागने को लेकर भी चर्चा होती रही।
ऊंचाहार आरपीएफ इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह का कहना है कि क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
