भाजपा के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने बसपा नेता आकाश आनंद पर निशाना साधते हुए कहा है कि बसपा लगातार अपना जनाधार खो रही है और उसके नेता सिर्फ सुर्खियों में बने रहने के लिए अनर्गल बयानबाजी करते हैं। सिंह ने यह भी कहा कि आकाश आनंद को उत्तर प्रदेश की जमीनी हकीकत की जानकारी नहीं है।

लखनऊ से मिली जानकारी के अनुसार भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य की छवि से निकलकर उत्तम प्रदेश बन चुका है और देश का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब कट्टे नहीं बन रहे, बल्कि ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है, और एक्सप्रेसवे के नेटवर्क से विकास तथा कनेक्टिविटी को नई गति मिली है।

महिलाओं की सुरक्षा पर बोलते हुए दिनेश प्रताप सिंह ने योगी आदित्यनाथ सरकार का दावा रखा कि प्रदेश में बहन-बेटियां 24 घंटे सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं अब रात में भी बेखौफ होकर अपने कार्यस्थलों पर जा रही हैं और अपराधियों में कानून का भय है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी की हिम्मत नहीं है कि महिलाओं की तरफ गलत निगाह उठाकर देख सके, क्योंकि उन्हें नतीजे का पता है।