केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में स्थित पद्मनाभस्वामी मंदिर भगवान विष्णु को समर्पित है, जहां वे शेषनाग पर योगनिद्रा मुद्रा में विराजमान हैं। यह मंदिर अपनी 18 फीट लंबी विशाल प्रतिमा और केरल तथा द्रविड़ वास्तुकला के अनूठे संगम के लिए जाना जाता है। मंदिर का वर्तमान भव्य स्वरूप 18वीं शताब्दी में त्रावणकोर के महाराजा मार्तंड वर्मा ने बनवाया था। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस पवित्र स्थल पर सबसे पहले भगवान विष्णु की प्रतिमा प्राप्त हुई थी, जिसके बाद यहां मंदिर का निर्माण किया गया।
मंदिर में स्थापित विष्णु प्रतिमा नेपाल की गंडकी नदी से लाए गए 12,008 शालिग्राम पत्थरों से बनी बताई जाती है। प्रतिमा इतनी विशाल है कि श्रद्धालु इसके दर्शन एक साथ नहीं कर सकते। गर्भगृह के तीन अलग-अलग द्वारों से क्रमशः भगवान के चरण, नाभि और मुख के दर्शन होते हैं।
मंदिर के आंतरिक भाग में भगवान विष्णु, नरसिंह स्वामी, भगवान गणपति और गजलक्ष्मी की आकृतियां उकेरी गई हैं। मंदिर का ध्वजस्तंभ लगभग 80 फीट ऊंचा है, जिसे स्वर्ण-लेपित तांबे की चादरों से मढ़ा गया है। श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर देश के सबसे धनी मंदिरों में शामिल माना जाता है।
इस लेख में दी गई जानकारी विभिन्न माध्यमों, मान्यताओं और धर्मग्रंथों से संग्रहित है। पाठकों से अनुरोध है कि इसे अंतिम सत्य या दावा न मानें और अपने विवेक का उपयोग करें।
