सोहना-पलवल हाईवे पर अलवर बाईपास का दूसरा मार्ग भी यातायात के लिए खोल दिया गया है। इसके चलते धारूहेड़ा और भिवाड़ी के बीच अब दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। दीपावली से पहले धारूहेड़ा से भिवाड़ी की तरफ जाने वाली सड़क यातायात के लिए खोली गई थी। अब भिवाड़ी से धारूहेड़ा की तरफ आने वाली सड़क पर बने अवरोधों को हटाकर रास्ता समतल कर दिया गया है।
बता दें कि सोहना-पलवल हाईवे पर अलवर बाईपास पर जलभराव के कारण करीब तीन साल से आवागमन ठप था। शाम के समय होने वाले ट्रैफिक दबाव और जाम को कम करने के लिए बाईपास पर बने रैंप की दूसरी ओर का मार्ग भी खोल दिया गया है। इससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को कई किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाने से राहत मिली है।
नगरपालिका धारूहेड़ा के चेयरमैन अजय जांगड़ा के अनुसार दीपावली से पहले एक तरफ के मार्ग को चालू किया गया था और अब दूसरी तरफ के मार्ग से भी आवागमन शुरू करवा दिया गया है। मार्ग के शुरू होने से जाम से राहत मिलेगी।
फिलहाल यातायात व्यवस्था सुचारु हो गई है, लेकिन बाईपास पर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है। अभी मिट्टी की दीवार बनाकर पानी को रोका गया है, जो स्थायी समाधान नहीं है। लोगों और दुकानदारों ने समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।
