पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा और शिरोमणि अकाली दल ने मंगलवार को गठबंधन का ऐलान किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि दोनों दल सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे और मुख्यमंत्री का पद अकाली दल को मिलेगा। उन्होंने इसे राष्ट्रीय और भावनात्मक समझौता बताया तथा कहा कि अकाली दल के वापस आने से एनडीए पूरा हो गया है।

चंडीगढ़ में भाजपा मुख्यालय पर हुए इस ऐलान के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह मंच पर नजर नहीं आए। वे इस गठबंधन के सबसे बड़े हिमायती माने जाते रहे हैं। अमरिंदर सिंह ने 2021 में कांग्रेस छोड़ी थी और 2022 में भाजपा जॉइन की थी। उनकी गैरमौजूदगी को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठ रहे हैं।

उनके पूर्व प्रेस सचिव विमल सम्बली ने भी एक्स पर पोस्ट कर इसे हैरान करने वाला बताया। उन्होंने लिखा कि जब भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व पंजाब में अकेले चुनाव लड़ने की बात कर रहा था, तब अमरिंदर सिंह भाजपा और अकाली दल के बीच गठबंधन के कट्टर समर्थक थे, लेकिन ऐलान के वक्त वे मंच पर नहीं हैं।

इस बीच भाजपा और अमरिंदर सिंह के रिश्तों को लेकर अनुमानों का दौर तेज है। 10 नवंबर को दिल्ली में सोनिया गांधी की किताब लॉन्च के कार्यक्रम में वे एकमात्र भाजपा नेता थे। हालांकि अमरिंदर सिंह ने अपनी मौजूदगी को निजी बताया था और इसे राजनीति से जोड़ने से इनकार किया था।