राजस्थान की रंग-बिरंगी संस्कृति और लोककलाओं को सिनेमा के जरिए दशकों से पर्दे पर पेश किया जाता रहा है। मलाइका अरोड़ा समेत कई फिल्मी सितारे राजस्थानी रंग में रंग चुके हैं, और इस कड़ी में अमीषा पटेल भी शामिल हैं। बॉलीवुड एक्ट्रेस अमीषा पटेल पर करीब 20 साल पहले एक राजस्थानी गाना फिल्माया गया था, जिसमें उन्होंने अपने डांस से मरुधरा को खूबसूरती से पेश किया था। यह गाना आज भी कल्ट क्लासिक बॉलीवुड सॉन्ग्स में गिना जाता है।

यह गीत 2006 में आई फिल्म 'हमको तुमसे प्यार है' का है, जो ऑडियंस को सिनेमाघरों में भले ही न खींच पाई हो, लेकिन इसके गाने टीवी पर लूप पर बजाए जाते थे। अमीषा पटेल, बॉबी देओल और अर्जुन रामपाल जैसे सितारों से सजी इस फिल्म के सभी गाने हिट हुए थे। इनमें 'ढोला आयो रे' राजस्थानी लोक संस्कृति से प्रेरित था, जिसमें लोकनृत्य भी दिखाया गया है और अमीषा उस पर थिरकती नजर आती हैं।

गाने को सुखविंदर सिंह और सपना अवस्थी की आवाज ने जान दी है। सुखविंदर की बुलंद आवाज ने गीत को इतनी एनर्जी के साथ गाया कि वह कल्ट बन गया। इसके बोल देव कोहली ने लिखे हैं, जबकि संगीत आनंद राज आनंद ने तैयार किया है। यह गाना 20 साल से यूट्यूब पर खूब सुना गया है और इसे करोड़ों में व्यूज मिले हैं। फिल्म में यह गीत उस समय बजता है, जब कहानी में बड़ा टर्निंग प्वॉइंट आता है।

फिल्म 'हमको तुमसे प्यार है' की कहानी एक नेत्रहीन लड़की राधा (अमीषा) की है, जो अपने प्रेमी (अर्जुन) को उसी दिन खो देती है, जिस दिन उसकी आंखों की रोशनी आती है। इसके बाद उसे एक शख्स (बॉबी) से शादी का प्रस्ताव मिलता है और वह उसे स्वीकार कर लेती है। शादी के फंक्शन के बीच राधा का पूर्व प्रेमी लौट आता है। बंटी शर्मा और विक्रम भट्ट निर्देशित यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास सफल नहीं हो पाई थी।