नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म रामायणम् बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड बना रही है। रणबीर कपूर और यश स्टारर इस फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 800 करोड़ रुपये से अधिक और वर्ल्डवाइड 1500 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया है। फिल्म की तारीफों के बीच बी.आर. चोपड़ा की महाभारत में श्री कृष्ण का किरदार निभाने वाले अभिनेता नितिश भारद्वाज ने फिल्म के किरदारों के चित्रण पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने फिल्म को एजेंडा के तहत बनाया गया बताया और सरकार से इसकी फंडिंग की जांच करने की मांग की है।
एनडीवी से बात करते हुए नितिश भारद्वाज ने कहा कि फिल्म में भगवान राम को बहुत छोटे और साधारण इंसान के रूप में दिखाया गया है, जिनके चेहरे पर कोई भाव नहीं है। उन्होंने 14 वर्ष के वनवास के लिए अयोध्या से निकलते श्रीराम की आंखों में आंसर वाले सीन पर भी आपत्ति जताई। उनका तर्क था कि मेकर्स इक्ष्वाकु वंश की सम्मान संहिता को पर्दे पर उतारने में विफल रहे हैं। उन्होंने रघुकुल की रीत का जिक्र करते हुए कहा कि प्राण जाए पर वचन न जाए।
अभिनेता ने फिल्म में रावण के चित्रण की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि रावण का नकारात्मक पक्ष दिखाया ही नहीं गया है और उसे मार्क्सवादी कम्युनिस्ट नेता की तरह पेश किया गया है। उन्होंने सवाल किया कि अगर रावण इतना ही बुद्धिमान और न्यायप्रिय था, तो भगवान विष्णु को राम अवतार लेने की जरूरत क्यों पड़ी। उनका कहना था कि फिल्म हीरो को विलेन और विलेन को हीरो बना रही है।
नितिश भारद्वाज ने दावा किया कि लक्जमबर्ग, यूएई और सिंगापुर जैसी जगहों से प्रोडक्शन कंपनी में पैसा आया है। उन्होंने एजेंडा चलाने वालों की तुलना नए अंग्रेजों से की और आरोप लगाया कि भारतीय सभ्यता को नीचा दिखाने के लिए सिनेमा का इस्तेमाल किया जा रहा है। पूछे जाने पर कि एजेंडे के पीछे कौन है, उन्होंने कहा कि यह पता लगाना सरकार का काम है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि सरकार में किसी ने इस पर कुछ क्यों नहीं कहा।
