गोविंदा की मां निर्मला देवी का एक गजल गाते हुए वीडियो सामने आया है। वे हिंदी सिनेमा की जानी-मानी एक्ट्रेस और सिंगर रह चुकी थीं। वीडियो में वे 'दीवाना बनाना है तो दीवाना बना दे, वरना कहीं तकदीर तमाशा ना बना दे' गाती नजर आ रही हैं। यह गजल बेहज़ाद लखनवी ने लिखी है और मूल रूप से बेगम अख्तर से जुड़ी रही है। निर्मला देवी ने गजलों को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया।

निर्मला देवी ने 1942 में वी.सी. देसाई की फिल्म 'सवेरा' से लीड एक्ट्रेस के तौर पर करियर शुरू किया। उन्होंने 'गीत', 'गाली' (1944), 'चालीस करोड़' (1946) और 'अनमोल रतन' (1950) जैसी फिल्मों में काम किया। 1942 में वे अपने को-एक्टर अरुण कुमार आहूजा के साथ घर से चली गईं। 1948 में दोनों ने अरुण कुमार के होम प्रोडक्शन 'सेहरा' में साथ काम किया, लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर नहीं चली। 1951 की अपनी आखिरी फिल्म 'जय महालक्ष्मी' के बाद उन्होंने फिल्मों से किनारा कर लिया।

एक इंटरव्यू में गोविंदा ने बताया था कि हीरोइन बनने के बाद उनकी मां इतनी गरीब हो गईं कि बंगले का सारा सामान ले लिया गया। उनके पिता ने कहा था कि निर्मला इतनी खूबसूरत हैं कि काम मांगने बाहर जाने पर लोग उन्हें घूरेंगे। इसलिए उन्होंने अपने बाल मुंडवा लिए और साध्वी बन गईं। 'सेहरा' के बाद माता-पिता को बांद्रा के कार्टर रोड का बंगला खाली कर विरार में बसना पड़ा। गोविंदा ने बताया था कि मां को संघर्ष करते देख उनके मन में स्टार बनने की प्रेरणा जगी।