भरतनाट्यम डांसर नीता अंबानी 'द ग्रेट इंडियन म्यूजिकल: सिविलाइजेशन टू नेशन' में एक विशेष नृत्य प्रस्तुति के साथ मंच पर वापसी करने जा रही हैं। उनका बचपन से ही डांस से जुड़ाव रहा है। उन्होंने कम उम्र में ही इस शास्त्रीय नृत्य शैली को सीखना शुरू कर दिया था और 9 साल की उम्र में अपनी पहली प्रस्तुति दी थी।
उनकी यह प्रस्तुति दो कारणों से खास होगी। एक ओर यह भारत की सांस्कृतिक विरासत और कलात्मक परंपराओं को समर्पित है, तो दूसरी ओर इसके जरिए वह अपने पिता को श्रद्धांजलि देंगी। इस प्रस्तुति के लिए उन्होंने 'रघुपति राघव राजा राम' भजन चुना है, जो उनके दिल के बहुत करीब है।
नीता अंबानी को बचपन में उनके पिता ने ही डांस सीखने के लिए प्रोत्साहित किया था और पहली बार डांस क्लास भी वही उन्हें लेकर गए थे। उन्हें याद है कि जब भी वह मंच पर प्रस्तुति देती थीं, उनके पिता दर्शकों के बीच बैठकर उन्हें देखते थे और उनकी आंखों में बेटी के लिए गर्व दिखता था। यह भजन उन्हें पिता के साथ बिताए पलों की याद दिलाता है। उनका कहना है कि इस भजन पर नृत्य करने से उन्हें अपने पिता की मौजूदगी का एहसास होता है।
डांस के साथ उनका रिश्ता केवल प्रशिक्षण लेने और मंच पर प्रस्तुति देने तक सीमित नहीं रहा है। वह डांस को प्रार्थना का एक रूप और ईश्वर से जुड़ने का माध्यम भी मानती रही हैं। डांस के लिए उनका यह आध्यात्मिक जुड़ाव और भरतनाट्यम की उनकी समझ इस कला को देखने और समझने के उनके नजरिए को आकार देती रही है। नीता अंबानी की आगामी प्रस्तुति 'द ग्रेट इंडियन म्यूजिकल: सिविलाइजेशन टू नेशन' का हिस्सा है, जो भारत की सभ्यता, संस्कृति और विरासत का सफर दिखाता है।
