जेम्स बॉन्ड का किरदार कहां से आया, इसका नाम जेम्स बॉन्ड क्यों चुना गया और 007 का क्या मतलब है, इन सवालों के जवाब किरदार की शुरुआत से जुड़े हैं। ब्रिटिश लेखक इयान फ्लेमिंग ने इस किरदार को तैयार किया था। नॉवल्स लिखने से पहले फ्लेमिंग ब्रिटिश नेवी की इंटेलिजेंस डिवीजन में थे और उन्होंने युद्ध के सीक्रेट ऑपरेशन्स और खुफिया स्ट्रैटेजी को करीब से देखा था। 1952 में फ्लेमिंग ने अपने घर गोल्डन आई में पहली किताब लिखनी शुरू की और 13 अप्रैल 1953 को 'कसीनो रॉयल' के नाम से किताब छपी, जिसमें दुनिया पहली बार जेम्स बॉन्ड से मिली। किताब में बॉन्ड को ब्रिटिश सीक्रेट सर्विस MI6 का एजेंट बताया गया, जिसका कोड नाम 007 था। '00' का मतलब था कि मिशन के दौरान जरूरत पड़ने पर बॉन्ड किसी की भी जान ले सकता है, यानी 'लाइसेंस टू किल'।

फ्लेमिंग बर्ड्स देखने और उनके बारे में पढ़ने के शौकीन थे। उनके पास अमेरिकी पक्षी विज्ञानी डॉ. जेम्स बॉन्ड की लिखी किताब 'बर्ड्स ऑफ द वेस्ट इंडीज' थी। किताब के लेखक का नाम फ्लेमिंग को इतना सिंपल लगा कि उन्होंने अपनी किताब कसीनो रॉयल के मेन कैरेक्टर का नाम जेम्स बॉन्ड रख दिया। फ्लेमिंग इस कैरेक्टर को बहुत ही साधारण बनाना चाहते थे, लेकिन उसके साथ होने वाली घटनाओं को रोमांचक रखना चाहते थे। वो चाहते थे कि बॉन्ड का नाम याद करने में किसी को एक मिनट भी न सोचना पड़े।

किताबों में बॉन्ड का किरदार दिलचस्प बनाया गया। उसके पिता स्कॉटिश थे और मां स्विस थीं। बचपन में ही माता-पिता की मौत हो जाती है और वह अनाथ हो जाता है, लेकिन पढ़ाई अच्छे स्कूल में होती है और आगे चलकर वह रॉयल नेवी से जुड़ जाता है। बॉन्ड को महंगी कार्स, अच्छे कपड़े और घड़ियों का शौक है। इयान फ्लेमिंग अपनी ऑफिशियल वेबसाइट पर बताते हैं कि जेम्स बॉन्ड रोजाना एक दिन में 60 सिगरेट्स पीता था। उसे वोडका मार्टिनी भी बहुत पसंद थी, जो जिन, वोडका और किना लिलेट मिलाकर बनती है। बॉन्ड अपनी लवर वेस्पर लिंड के नाम पर इस ड्रिंक का नाम 'वेस्पर मार्टिनी' रखता है, और मूवी में यही आगे चलकर मशहूर डायलॉग बना- वोडका मार्टिनी, शेकन, नॉट स्टर्ड।

फ्लेमिंग ने 1953 से 1964 के बीच जेम्स बॉन्ड के 12 नॉवल्स और दो शॉर्ट स्टोरी कलेक्शंस पब्लिश किए। इन किताबों की पॉपुलेरिटी के बाद फिल्म मेकर्स का ध्यान इनकी तरफ पड़ा और 1962 में पहली जेम्स बॉन्ड फिल्म 'डॉ. नो' रिलीज हुई। इस फिल्म में स्कॉटलैंड के एक्टर शॉन कॉनरी ने बॉन्ड का किरदार निभाया। कॉनरी ने अपने अंदाज से इस किरदार की ऐसी इमेज डेवलप की, जो आने वाले कई सालों तक मूवीज़ में दिखाई देती रही। 'फ्रॉम रशिया विद लव', 'गोल्डफिंगर' और 'थंडरबॉल' जैसी मूवीज़ ने कॉनरी को पूरी दुनिया में फेमस कर दिया। 1969 में 'ऑन हर मेजेस्टीज सीक्रेट सर्विस' नाम से एक मूवी आई, जिसमें जॉर्ज लेजनबी ने किरदार निभाया।