मुंबई। फिल्म रामायणम् में सुर्पणखा का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह ने अपने निगेटिव रोल और फिल्म के दूसरे पार्ट पर बात की है। रकुल के सुर्पणखा वाले किरदार की तुलना टीवी सीरियल कसौटी जिंदगी की की कोमोलिका से की जा रही है, और उसके बैकग्राउंड म्यूजिक पर बने वीडियोज सोशल मीडिया पर चल रहे हैं। इन मीम्स और वीडियोज पर रकुल ने कहा कि उन्हें ये पसंद आ रहे हैं। उनका मानना है कि अब समय आ गया है कि कलाकार बिना डरे हर तरह के रोल करें, जैसे विदेशी फिल्मों में पॉजिटिव और निगेटिव दोनों तरह के किरदार निभाए जाते हैं।

रकुल ने आगे कहा कि हर पात्र को उसी पात्र के हिसाब से देखा जाना चाहिए और कलाकार की कोई इमेज नहीं बननी चाहिए। उनके मुताबिक, एक कलाकार को हमेशा कुछ नया करते रहना चाहिए।

फिल्म रामायणम् का दूसरा पार्ट साल 2028 में रिलीज होना है। इस पर रकुल ने कहा कि जटायु और रावण के जिस सीन को सराहना मिल रही है, सिर्फ उसे डिजाइन करने में कई महीने लग गए थे। इसलिए दूसरे पार्ट को जल्दी नहीं लाया जा सकता, क्योंकि उस स्तर की क्वालिटी के लिए समय लगता है। उन्होंने यह भी कहा कि रामायणम् के हर पात्र पर पूरी फिल्म बन सकती है और युद्ध के बाद क्या हुआ होगा, इसकी भी योजना है।

बता दें कि रकुल को सुर्पणखा के रोल के लिए काफी तारीफें मिल रही हैं।