अमेठी के संग्रामपुर स्थित सरैयाकनू गांव में शनिवार सुबह एक युवक प्रेमिका से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ गया। ग्रामीणों ने उसे टावर पर चढ़ा देखा तो हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। युवक की मांग थी कि जब तक उसकी प्रेमिका से शादी नहीं कराई जाएगी, वह नीचे नहीं उतरेगा।
थानाध्यक्ष अमरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया। घटना के कारण गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
जानकारी के अनुसार, युवक पुणे में रहकर काम करता है और करीब एक सप्ताह पहले ही घर लौटा था। करीब 11 वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी और उसके दो बेटे हैं। पिछले तीन दिनों से वह घर से गायब था।
