आजकल फिटनेस के लिए लोग घंटों जिम में मेहनत करते हैं, लेकिन कुछ छोटी आदतें भी शरीर को बड़ा लाभ पहुंचा सकती हैं। पैर की उंगलियों के बल खड़े होना ऐसा ही एक आसान अभ्यास है, जिसे घर, ऑफिस या कहीं भी किया जा सकता है। यह अभ्यास पैरों को मजबूत बनाने के साथ-साथ शरीर के संतुलन को भी सुधारता है।

पंजों के बल खड़े होने पर पिंडलियों और पैरों की मांसपेशियां सक्रिय होती हैं, जिससे उनमें ताकत आती है और लंबे समय तक चलने या खड़े रहने की क्षमता बेहतर होती है। इससे दिमाग और मांसपेशियों के बीच तालमेल बनने में मदद मिलती है। बुजुर्गों के लिए यह अभ्यास खासतौर पर उपयोगी बताया जाता है, क्योंकि इससे बैलेंस बनाने की क्षमता बढ़ती है।

दिनभर बैठे रहने या कम सक्रिय रहने से पैरों में रक्त संचार धीमा हो जाता है। टो स्टैंड करने से पैरों और टांगों में रक्त संचार बेहतर होता है, जिससे थकान और भारीपन कम महसूस होता है। यह अभ्यास एड़ियों और घुटनों के आसपास की मांसपेशियों को मजबूत बनाता है, जिससे जोड़ों पर पड़ने वाला अतिरिक्त दबाव कम होता है और दर्द या अकड़न से राहत मिलती है। इसके अलावा यह रीढ़ को सीधा रखने में मदद करता है और पोस्चर सुधारता है। अभ्यास के दौरान पेट और कमर की मांसपेशियां भी सक्रिय होती हैं, जिससे कोर मजबूत होता है।

अभ्यास का तरीका सरल है। सीधे खड़े होकर धीरे-धीरे एड़ियों को ऊपर उठाएं और पैर की उंगलियों पर संतुलन बनाएं। 10 से 15 सेकंड तक इसी स्थिति में रहें, फिर धीरे-धीरे सामान्य स्थिति में लौट आएं। इसे 8 से 10 बार दोहराया जा सकता है। लेख में दी गई सलाह और सुझाव केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से हैं और इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। किसी भी सवाल या परेशानी की स्थिति में हमेशा डॉक्टर से सलाह लें।