ग्वालियर में यंग थिंकर्स फोरम के आठवें संस्करण में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने युवाओं से रोज कम से कम दो घंटे मोबाइल से दूरी बनाने की अपील की। उन्होंने मजाकिया लहजे में मोबाइल को 'डिब्बा' और खुद को 'डिब्बा मंत्री' कहा, जिस पर सभागार में ठहाके गूंज उठे।
सिंधिया ने कहा कि स्मार्टफोन सिर्फ मनोरंजन और टाइमपास का साधन नहीं होना चाहिए, बल्कि इसका इस्तेमाल शोध, नई चीजें सीखने, कौशल विकसित करने और दुनिया में हो रहे नवाचारों से जुड़ने के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से हर दिन कम से कम दो घंटे फोन से दूरी बनाने को कहा।
तीन दिन चलने वाले इस सम्मेलन में देश के 26 राज्यों से करीब 300 युवा शामिल हुए। 'भारतवर्ष का पुनर्जागरण' इसकी केंद्रीय थीम है। आयोजन में युवाओं को भारतीय संस्कृति, आध्यात्म, विज्ञान, अंतरराष्ट्रीय राजनीति और समकालीन वैचारिक चुनौतियों पर चर्चा का अवसर मिल रहा है।
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से चर्चा में सिंधिया ने युवाओं की सोच और सवाल पूछने की प्रवृत्ति की सराहना की। उन्होंने कहा कि युवाओं में दिख रही जिज्ञासा और गंभीर विमर्श से भरोसा होता है कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की जिम्मेदारी संभालने के लिए नई पीढ़ी तैयार है। फोरम में कुल 11 सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें पद्मश्री डॉ. भरत गुप्त और अभिनेता-लेखक पीयूष मिश्रा सहित 16 वक्ता शामिल हैं। आयोजन के डायरेक्टर आशुतोष सिंह ठाकुर के अनुसार, मंच का उद्देश्य युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ स्वतंत्र और आलोचनात्मक सोच के लिए प्रेरित करना है। सम्मेलन में पुस्तक प्रदर्शनी, लेखकों के साथ संवाद और भारतीय परंपराओं से जुड़ी झांकियां भी आकर्षण का हिस्सा हैं, जबकि AI के जरिए कंटेंट क्रिएशन, मंदिर स्थापत्य कला और डिजिटल नैरेटिव पर विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं।
