केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर में युवाओं को मोबाइल की लत से बचने की सलाह दी है। उन्होंने मोबाइल को 'डिब्बा' कहकर चेताया और कहा कि यह नौकर बनने आया था, लेकिन अब मालिक बन गया है। सिंधिया ने यह बातें लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान (एलएनआईपीई) में यंग थिंकर फोरम की ओर से आयोजित 'यंग थिंकर्स कंफ्लुएंस-2026' के आठवें सम्मेलन में युवाओं को संबोधित करते हुए कहीं।
सिंधिया ने कहा कि मैं डिब्बा (मोबाइल) मंत्री हूं, लेकिन यह बुरी बीमारी है। यह डिब्बा माता-पिता, भाई-बहन से दूर कर देता है। एक परिवार में यदि चार सदस्य हैं, तो सभी मोबाइल पर व्यस्त रहते हैं और आपस में बात नहीं करते। उन्होंने युवाओं से किताबें पढ़ने, दोस्तों से मिलने और खेलों से दोस्ती करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आज का युवा इस डिब्बे में कैद हो गया है।
अपना उदाहरण देते हुए सिंधिया ने कहा कि एक दिन उन्होंने रात 10 बजे इंस्टाग्राम खोला और रात एक बजे घड़ी देखी, तीन घंटे कहां गए पता ही नहीं चला। तब से उन्होंने प्रण लिया कि मोबाइल तभी देखेंगे, जब उनके मतलब की कोई चीज आएगी। उन्होंने कहा कि हमारे जमाने में बाहर खेलते थे, गिरते थे, चोट लगती थी, जबकि आज युवा न बाहर जाते हैं, न खेलते हैं।
सिंधिया ने कहा कि मोबाइल का इस्तेमाल अपनी क्षमता बढ़ाने, दुनिया के नवाचार से जुड़ने और व्यापार के नए अवसर तलाशने के लिए करें। उन्होंने कहा कि भारत जैसी मानव संसाधन क्षमता दुनिया के किसी दूसरे देश के पास नहीं है और विकसित भारत 2047 का सपना युवा शक्ति के दम पर ही साकार होगा।
