आरएसपुरा मुख्य बस स्टैंड पर शनिवार दोपहर एक व्यक्ति पानी निकासी की समस्या से परेशान होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब एक घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान नीचे खड़े लोग उसे उतरने के लिए समझाते रहे, लेकिन वह किसी की बात मानने को तैयार नहीं हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी विक्रम सिंह परिहार और तहसीलदार आरएसपुरा चंद्रशेखर शर्मा ने टावर पर चढ़े व्यक्ति से बातचीत कर उसकी समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद वह नीचे उतरने को तैयार हुआ।
टावर पर चढ़े व्यक्ति की पहचान कमल किशोर शर्मा निवासी कोटली शाह दोला के रूप में हुई है। नीचे उतरने के बाद पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई, जहां उसकी समस्या के संबंध में जानकारी ली गई। कमल किशोर शर्मा ने बताया कि उसके घर से पानी की निकासी का रास्ता स्थानीय कुछ प्रॉपर्टी डीलरों ने कथित तौर पर बंद कर दिया है, जिसके कारण उसे काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उनका कहना था कि इस समस्या को लेकर वह पिछले 15 दिनों के भीतर दो बार प्रशासन के समक्ष लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग कर चुका था, लेकिन उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान न होने से परेशान होकर उसने शनिवार को मोबाइल टावर पर चढ़कर आत्महत्या करने जैसा कदम उठाने का मन बना लिया था।
कमल किशोर शर्मा ने बताया कि मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी और तहसीलदार ने उसकी बात सुनी और समस्या का समाधान करवाने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद वह टावर से नीचे उतर आया। उसने कहा कि यदि प्रशासन उसकी समस्या का स्थायी समाधान करवाता है तो वह अधिकारियों का आभार व्यक्त करेगा, लेकिन अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह दोबारा कोई कड़ा कदम उठाने को मजबूर हो सकता है।
