रामेश्वरम और श्रीलंका के बीच समुद्र में स्थित रामसेतु के नीचे हजारों वर्ष पुराने नदी मार्ग मिले हैं। ये चैनल समुद्र तल के नीचे आठ से दस मीटर मोटी रेत की परत में दबे हैं। इनमें कुछ चैनल एक से दो किलोमीटर तक चौड़े हैं। यह जानकारी सीएसआईआर-राष्ट्रीय समुद्र विज्ञान संस्थान (एनआईओ), गोवा के निदेशक डॉ. सुनील कुमार सिंह ने बुधवार को बीएचयू में एक राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान अपने शोध की प्रस्तुति में साझा की।
डॉ. सिंह के अनुसार, उनकी टीम ने रामेश्वरम और श्रीलंका के बीच पाक खाड़ी तथा मन्नार की खाड़ी में समुद्री सर्वेक्षण कर समुद्र तल के नीचे की भूगर्भीय संरचनाओं का अध्ययन किया। सर्वेक्षण में स्पार्कर तकनीक का प्रयोग किया गया, जिसमें समुद्र में ध्वनि तरंगें भेजी जाती हैं और तलछट व चट्टानों से टकराकर लौटने वाले संकेतों के विश्लेषण से नीचे की संरचनाओं का पता चलता है। समुद्र की गहराई और तल की बनावट समझने के लिए सिंगल बीम बाथिमेट्री तथा कुछ द्वीपों पर जमीन के भीतर की संरचना जानने के लिए जीपीआर तकनीक भी अपनाई गई।
विज्ञानियों के अनुसार, 10 से 12 हजार वर्ष पहले जब समुद्र का जलस्तर आज की तुलना में काफी नीचे था, तब इस क्षेत्र का बड़ा हिस्सा खुली भूमि था और यहां नदियां बहती थीं। उस दौर में वैगई और तामिरबरनी नदियों की धाराएं मन्नार की खाड़ी की ओर जाती थीं। मिले चैनल वैगई की प्राचीन वितरिकाओं से जुड़े हो सकते हैं। समुद्र का जलस्तर बढ़ने के साथ ये नदी मार्ग डूब गए और बाद में रेत व तलछट के नीचे दब गए।
डॉ. सिंह ने कहा कि इन नदी मार्गों की खोज से रामसेतु की प्रकृति निर्धारित नहीं की जा सकती। इसके लिए समुद्र तल के नीचे अभी कम से कम दस मीटर तक ड्रिलिंग कर नमूनों और भूगर्भीय परतों की जांच जरूरी है। सर्वेक्षण के दौरान टीम श्रीलंका की ओर निर्धारित सीमा से आगे नहीं जा सकी। रामसेतु में प्रयुक्त तैरने वाले पत्थरों के वहां तक पहुंचने का मूल स्रोत अभी तक सटीक रूप से ज्ञात नहीं हो सका है। पहले अंदाजा था कि ये अंडमान से लाए गए हो सकते हैं, लेकिन उनकी प्रकृति अंडमान में मिलने वाले पत्थरों से भिन्न है। इस पर अभी और अध्ययन की आवश्यकता है।
