स्क्रीन साफ करने के लिए अल्कोहल वाइप्स का इस्तेमाल आसान तरीका लग सकता है, लेकिन यह स्क्रीन के लिए सुरक्षित नहीं माना जाता। अल्कोहल का असर इस बात पर निर्भर करता है कि आप क्या साफ कर रहे हैं। ज्यादा अल्कोहल डिवाइस के गोंद को नुकसान पहुंचा सकता है, जबकि कम अल्कोहल कीबोर्ड के बटनों जैसे बाहरी हिस्सों को साफ करने के लिए ठीक रहता है। लेकिन लैपटॉप की स्क्रीन के मामले में सलाह दी जाती है कि अल्कोहल का इस्तेमाल न किया जाए। अगर लैपटॉप बनाने वाली कंपनी खुद इसे सुरक्षित बताती है, तो 70% आइसोप्रोपिल अल्कोहल का इस्तेमाल किया जा सकता है, वरना यह स्क्रीन की ऊपरी कोटिंग को खराब कर सकता है।
ज्यादातर लैपटॉप्स की स्क्रीन पर चमक कम करने और उंगलियों के निशान न पड़ने वाली खास कोटिंग होती है, जिसे अल्कोहल पूरी तरह खत्म कर सकता है। इसलिए स्क्रीन पर अल्कोहल वाइप्स न लगाना ही बेहतर है, क्योंकि इनमें एथिल या आइसोप्रोपिल अल्कोहल होता है, जिनका असर अलग-अलग हो सकता है। इसी तरह 91% या उससे ज्यादा मात्रा वाले अल्कोहल वाले वाइप्स या एथिल अल्कोहल वाले वाइप्स स्क्रीन को नुकसान पहुंचा सकते हैं। बाजार में मिलने वाले कुछ वाइप्स में रंग, खुशबू और मॉइस्चराइजर जैसी चीजें भी मिली होती हैं, जो स्क्रीन पर दाग, महक या नमी छोड़ सकती हैं।
अगर स्क्रीन साफ करने के लिए वाइप्स ही इस्तेमाल करने हैं, तो सिर्फ वही खरीदें जिन पर स्क्रीन क्लीनर, मॉनिटर क्लीनर या इलेक्ट्रॉनिक क्लीनर किट लिखा हो। ऐसे वाइप्स में एथिल अल्कोहल और दूसरे नुकसानदायक केमिकल्स नहीं होते हैं।
लैपटॉप स्क्रीन को साफ करने का सबसे सुरक्षित तरीका यह है कि माइक्रोफाइबर कपड़े से उस पर लगे हल्के दाग-धब्बों और धूल को हटाया जाए। कपड़े से बहुत हल्का दबाव डालें, क्योंकि सिर्फ धूल हटानी है। इतना जोर न लगाएं कि स्क्रीन को कोई नुकसान पहुंच जाए।
