धौलपुर जिले के मनिया थाना क्षेत्र के मांगरोल गांव के पास एक युवक शादी की जिद को लेकर हाई-वोल्टेज मोबाइल टावर पर चढ़ गया। बताया जा रहा है कि युवक एक युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन युवती ने इनकार कर दिया, जिससे नाराज होकर उसने यह कदम उठाया। युवक को टावर पर चढ़ा देख इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते टावर के नीचे ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही युवक के परिजन और मनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारी लाउडस्पीकर और फोन के जरिए युवक से संपर्क साधने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि उसे किसी अनहोनी से बचाया जा सके। परिजन भी युवक से भावुक अपील कर रहे हैं, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा हुआ है और फिलहाल नीचे उतरने को तैयार नहीं है।
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने मौके पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं और ग्रामीणों को टावर से दूर रहने की हिदायत दी गई है। मनिया थाना पुलिस का कहना है कि युवक की जान बचाना पहली प्राथमिकता है और उसे पूरी तरह सुरक्षित नीचे उतारने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। इस घटना के चलते इलाके में तनाव और कौतूहल का माहौल बना हुआ है।
