वैश्विक AI स्टॉक में गिरावट के बीच भारतीय शेयर बाजार के प्रदर्शन पर सोशल मीडिया पर राजनीतिक तकरार छिड़ गई है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एक वित्तीय विश्लेषण साझा करते हुए उन विशेषज्ञों पर तंज कसा जो भारतीय अर्थव्यवस्था को “आपदा” बताते रहे हैं। इसके बाद कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने उनकी प्रतिक्रिया पर सवाल उठाए।
दरअसल, क्रिप्टो विश्लेषण प्लेटफॉर्म कॉइन ब्यूरो ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि AI स्टॉक में गिरावट के दौरान भारत एकमात्र बड़ा एशियाई बाजार था, जो हरे निशान पर बंद हुआ। पोस्ट के मुताबिक, एशिया के ज्यादातर बड़े बाजार गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि भारतीय बाजार बढ़त दर्ज करने में सफल रहा। इसकी एक वजह भारतीय बाजार में AI कंपनियों की सीमित हिस्सेदारी बताई गई, क्योंकि यहां बैंकिंग और फाइनेंशियल कंपनियों का दबदबा है और चिप बनाने वाली कंपनियों की मौजूदगी न के बराबर है।
इस पोस्ट को शेयर करते हुए हिमंत बिस्वा सरमा ने लिखा कि “भारतीय अर्थव्यवस्था आपदा है” कहने वाले विशेषज्ञों के लिए दो मिनट का मौन, और पता चला कि आपदा तो वे खुद थे। इस पर रांका ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या पोस्ट ठीक से पढ़ी गई, जिसमें भारत का AI एक्सपोजर लगभग नहीं होना और जीरो चिपमेकर होना बताया गया है। उन्होंने तर्क दिया कि इसका मतलब यह निकलता है कि जो लोग कार नहीं खरीदते, वे भारत में इसलिए निवेश करें क्योंकि यहां सड़कें नहीं हैं। रांका ने पूछा कि इस पर कौन खुश होता है, खासकर एक मौजूदा मुख्यमंत्री, और कहा कि AI व सेमीकंडक्टर क्षेत्र में भारत की कम भागीदारी को निवेश के लिए सकारात्मक बताना गलत है।
