अमेठी में यूपीसीडा की आवासीय कॉलोनी की खराब मेन और सर्विस रोड का निर्माण कार्य 87.10 लाख रुपये की लागत से शुरू हो गया है। इससे हजारों आवंटियों और आम जनता को आवागमन में सुविधा मिलेगी। कार्य दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है।
उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) के औद्योगिक क्षेत्र की आवासीय कॉलोनी में सड़क संख्या दो और सर्विस रोड बहुत खराब दशा में थीं, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। इन सड़कों का निर्माण 87 लाख 10 हजार रुपये की लागत से शुरू हुआ है। कार्यदाई संस्था श्रीराम कांस्ट्रक्शन ने सर्विस रोड पर गिट्टी डालकर रोलर से लेबलिंग का काम पूरा कर लिया है और जल्द इंटरलॉकिंग लगेगी। मुख्य मार्ग पर गिट्टी डालने का कार्य चल रहा है, जिसके बाद इंटरलॉकिंग लगाई जाएगी।
आवंटियों की मांग पर रोड नंबर दो 540 मीटर लंबी और पांच मीटर चौड़ी तथा सर्विस रोड 531 मीटर लंबी और 3.75 मीटर चौड़ी बनाई जा रही है। पानी की टंकी के कैंपस में भी इंटरलॉकिंग का कार्य कराया जा रहा है। कॉलोनी के एमडी पांडेय, प्रमोद त्रिपाठी, एसबी सिंह, ओपी पांडेय, एमएस कुशवाहा, रामचंद्र यादव, अशोक सिंह और विजय मिश्रा आदि ने बताया कि सड़कें बनने के बाद सभी को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
सिविल निर्माण खंड-6 के प्रबंधक तौसीफ अली ने बताया कि सर्विस रोड की एजिंग बनाकर गिट्टी डालकर रोलर से लेबलिंग का कार्य हो चुका है। बालू डालकर इंटरलॉकिंग लगाने का कार्य जल्द कराया जाएगा। मुख्य मार्ग पर गिट्टी डालकर एजिंग का कार्य चल रहा है। ठेकेदार को दिसंबर तक हर हाल में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं।
