रविवार को बांद्रा से आ रही ट्रेन नंबर 15086 बांद्रा-गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस में इलेक्ट्रिक सप्लाई के सिस्टम में गड़बड़ी आ गई, जिससे सभी बोगियों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। एस-6 बोगी में यात्रा कर रहे श्रीकेश सिंह ने 139 पर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन उनके अनुसार बिजली की आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। लंबी दूरी की ट्रेन होने के कारण कई यात्रियों के मोबाइल फोन बंद हो गए।
रसोई यान में बिजली न पहुंचने से खाना बनाने का काम भी प्रभावित रहा और खानपान की आपूर्ति बाधित हुई। बीच रास्ते कई जगह यात्रियों ने इसकी शिकायत की। ऑन-बोर्ड स्टाफ को सूचना दिए जाने के बाद गड़बड़ी ठीक हो सकी। डीआरएम ने गड़बड़ी ठीक कराई और जांच के आदेश दिए।
इसी तरह ट्रेन 12565 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस की स्लीपर और एसी बोगियों में बिना टिकट यात्रियों द्वारा कब्जा किए जाने की शिकायत सामने आई। यात्री अवनीत शाही ने स्लीपर क्लास बोगी में अवैध कब्जे का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर अपलोड करते हुए आरपीएफ से कार्रवाई की मांग की। एसी बोगी बी-1 में सफर कर रहे दीपक ने बिना टिकट यात्रियों के रास्ता बंद किए जाने की शिकायत की।
फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों की देरी भी जारी रही। रविवार को ट्रेन 04097 दरभंगा-शकूरबस्ती फेस्टिवल स्पेशल 12 घंटे की देरी से आई, जिसकी यात्री विवेक ने शिकायत दर्ज कराई। ट्रेन 05101 गोरखपुर-शकूरबस्ती स्पेशल तीन घंटे की देरी से आई और यात्री मनीष तिवारी ने इसकी एसी सेकंड बोगी ए-2 का एसी काम न करने की शिकायत की। ट्रेन 05531 रक्सौल-आनंद विहार स्पेशल आठ घंटे की देरी से आई। ट्रेन 19321 इंदौर-पटना एक्सप्रेस अपने समय पर होने के बावजूद लखनऊ स्टेशन के आउटर पर एक घंटा रोकी गई।
