मुंबई: बॉम्बे हाई कोर्ट ने उस 40 वर्षीय महिला को राहत दी है, जिसे उसी फ्लैट से बेदखल किया गया था, जहां उसने 35 साल बिताए और अपने तीन बच्चों का पालन-पोषण किया। कोर्ट ने सीनियर सिटीजन ट्रिब्यूनल के उस आदेश पर रोक लगा दी है, जिसमें महिला को फ्लैट खाली कर अपने पिता को कब्जा सौंपने का निर्देश दिया गया था। अदालत ने अपीलीय न्यायाधिकरण को तीन महीने के भीतर महिला की अपील पर सुनवाई कर कारणयुक्त आदेश पारित करने का निर्देश दिया है।

जस्टिस मिलिंद जाधव ने मामले की सुनवाई करते हुए रिकॉर्ड पर गौर किया। महिला अपने 69 वर्षीय पिता की पहली पत्नी की बेटी है और पिछले 35 वर्षों से मुंबई स्थित फ्लैट में अपने तीन बच्चों, जिनमें दो नाबालिग बेटियां हैं, के साथ रह रही थी। पिता ने माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण और कल्याण अधिनियम, 2007 के तहत ट्रिब्यूनल में शिकायत दर्ज कर फ्लैट का कब्जा मांगा था। इस पर 27 अक्टूबर 2026 को ट्रिब्यूनल ने बेटी को 30 दिनों में फ्लैट खाली करने का आदेश दिया। इसके बाद महिला को घर से निकाल दिया गया।

महिला के वकील ने कोर्ट को बताया कि पिता पिछले 20 वर्षों से उत्तर प्रदेश में अपनी दूसरी पत्नी और चार बच्चों के साथ रह रहे हैं। इस पर अदालत ने बेदखली संबंधी आदेश पर रोक लगाते हुए स्पष्ट किया कि अपील पर फैसला होने तक यह रोक जारी रहेगी। हालांकि, कोर्ट ने संपत्ति पर किसी के अधिकार को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की।