भोपाल: मध्य प्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी की तारीख तय हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को बताया कि प्रदेश में 1 दिसंबर से 20 जनवरी तक समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी होगी। खरीदी सप्ताह में सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक की जाएगी। धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। मुख्यमंत्री ने यह जानकारी अपने निवास पर खरीफ फसलों के उपार्जन की समीक्षा बैठक के बाद दी।

इस सीजन में धान बेचने के लिए प्रदेश के 8 लाख 91 हजार 412 किसानों ने पंजीयन कराया है। सरकार ने पहली बार एग्रीस्टैक डेटा के आधार पर किसान पंजीयन की व्यवस्था शुरू की है। धान परिवहन करने वाले ट्रकों के पंजीयन का सत्यापन भी सॉफ्टवेयर के जरिए किया जाएगा। प्रदेश में धान उपार्जन के लिए 1,433 केंद्र स्थापित किए गए हैं, जबकि ज्वार और बाजरा जैसे मोटे अनाज की खरीदी के लिए 56 केंद्र बनाए गए हैं।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, खरीफ सीजन 2026-27 में प्रदेश में 41.54 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में धान की बुवाई हुई है और 147.73 लाख मीट्रिक टन उत्पादन का अनुमान है। सरकार के अनुसार सभी जिलों में धान परिवहन के लिए पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध है। खरीदी केंद्रों पर किसानों को निर्धारित तारीख और समय पर उपज बेचने की सुविधा देने के निर्देश दिए गए हैं।

धान के साथ मोटे अनाज की सरकारी खरीदी भी जारी है। ज्वार और बाजरा का उपार्जन 23 नवंबर से शुरू हो चुका है, जो 23 दिसंबर तक चलेगा। समीक्षा बैठक में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत वर्चुअल रूप से शामिल हुए। उन्होंने तौल और गुणवत्ता की निगरानी डिजिटल सिस्टम से करने तथा खरीदी शुरू होने से पहले बारदाने, परिवहन और भंडारण की व्यवस्था पूरी करने के निर्देश दिए।