मोकामा के विधायक अनंत सिंह के प्रति समर्थकों की दीवानगी का एक और उदाहरण सामने आया है। समस्तीपुर के रहने वाले बलराम गिरि उर्फ बम बिहारी टाइगर स्टार ने समस्तीपुर के अंगार घाट से मोकामा घाट तक करीब 130 किलोमीटर की दूरी दौड़कर तय की और विधायक के लदमा (नदवां) स्थित आवास पर पहुंचे। वे रात करीब ढाई बजे घर के लिए निकले थे। उनके हाथ में अनंत सिंह, उनकी बेटी और होने वाले दामाद की एक तस्वीर थी, जिसे उन्होंने सिरिंज से अपना खून निकालकर तीन दिनों में तैयार करने का दावा किया है।
बलराम गिरि ने बताया कि वे अनंत सिंह के बड़े प्रशंसक हैं और विधायक की बेटी की शादी में शामिल होने के संकल्प के साथ उन्होंने दौड़कर मोकामा जाने का फैसला किया, जिसे उन्होंने पूरा किया। रास्ते में और मौके पर मौजूद लोग उनकी इस अनोखी यात्रा और जुनून को देखकर हैरान रह गए।
मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को उनके पैतृक गांव लदमा (नदवां, बाढ़) में होनी है। शादी में बतौर मेहमान करीब चार लाख लोगों के शामिल होने का दावा किया गया है। अनंत सिंह के होने वाले दामाद ऋषिकेश बिहटा स्थित कृष्णा नगर के रहने वाले हैं।
इस तरह की घटनाओं ने एक बार फिर इलाके में अनंत सिंह के प्रति उनके समर्थकों के गहरे लगाव और दीवानगी को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
