1978 में आपातकाल के बाद इंदिरा गांधी ने मीरजापुर के अहरौरा का दौरा किया था। अहरौरा के टिकरा खड़ंजा स्थित एक राइस मिल पर आयोजित जनसभा को संबोधित करने के बाद वह प्रसिद्ध व्यवसायी श्रीनाथ गुप्ता के परिवार के घर पहुंचीं। वहां उन्हें 53 किलो सिक्कों से तौला गया और सिक्कों का थैला उन्हें भेंट किया गया। भोजन के बाद वह सोनभद्र के लिए रवाना हो गई थीं।

यह दौरा 1977 के लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद वापसी की तैयारी के सिलसिले में था। आपातकाल खत्म होने के बाद 16 से 20 मार्च 1977 के बीच हुए चुनाव में पहली बार गैर-कांग्रेसी सरकार बनी थी और मोरारजी देसाई देश के पहले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री बने थे। उस चुनाव में इंदिरा गांधी को करारी हार का सामना करना पड़ा था।

अहरौरा के समाजसेवी कंदर्प आनंद के अनुसार, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की यादें आज भी घर में संजोकर रखी हुई हैं। उन्होंने बताया कि मीरजापुर भ्रमण के दौरान जब वह अहरौरा आई थीं, तो उनके वजन के बराबर के सिक्कों से उन्हें तौला गया था। उस समय उनका वजन 53 किलो था।