बेमेतरा के नगर पंचायत मारो में आत्मानंद स्कूल में हुए एक कार्यक्रम के बाद बीजेपी विधायक ईश्वर साहू मंच पर महिला कलाकारों के साथ डांस करते नजर आए। इस दौरान कैबिनेट मंत्री दयालदास बघेल और भाजपा जिला अध्यक्ष अजय साहू समेत कई नेता मंच पर मौजूद थे। विधायक के डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कार्यक्रम बुधवार का बताया जा रहा है, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री अरुण साव शामिल हुए। साजा विधानसभा क्षेत्र के विधायक ईश्वर साहू भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उपमुख्यमंत्री अरुण साव रवाना हो गए, उसके बाद उसी मंच पर विधायक डांस करते नजर आए।

विधायक ईश्वर साहू अक्सर सार्वजनिक कार्यक्रमों में अपनी शायरी और खास अंदाज को लेकर चर्चा में रहते हैं। विश्व योग दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में मंच पर लगे पोस्टर में उनकी तस्वीर न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई थी और अधिकारियों पर तंज कसते हुए कहा था कि उन्हें फोटो लगाने का कॉल भी नहीं मालूम है।

ईश्वर साहू पहली बार विधायक बने हैं। बिरनपुर हिंसा में उनके बड़े बेटे भुवनेश्वर साहू की मौत हो गई थी। बिरनपुर हिंसा की प्रदेशभर में चर्चा हुई, जिसके बाद बीजेपी ने ईश्वर साहू को विधानसभा का टिकट दिया और वे पहली बार में ही चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे।