देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में लोकपर्व इगास की पूर्व संध्या पर आयोजित कार्यक्रम में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पर्व मनाया और भैलो खेलकर उत्तराखंड की लोक परंपराओं का निर्वाह किया। कार्यक्रम में लोकगीतों, पारंपरिक लोकनृत्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। इसमें राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विभिन्न विधायक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को इगास पर्व की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व उत्तराखंड की लोक संस्कृति, आस्था, परंपरा और सामूहिक उल्लास का प्रतीक है तथा हमें अपनी जड़ों, मिट्टी और पूर्वजों की विरासत से जोड़ता है। उन्होंने कहा कि लोकपर्व केवल उत्सव नहीं, बल्कि सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक एकजुटता और पारंपरिक जीवन मूल्यों की अभिव्यक्ति हैं। भैलो और लोकगीतों की परंपरा में मनोरंजन के साथ आपसी प्रेम, भाईचारे और सहयोग का भाव भी निहित है।
उन्होंने कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश में सांस्कृतिक विरासत को सहेजना सभी की जिम्मेदारी है और नई पीढ़ी को इगास, हरेला, फूलदेई, घी संक्रांति और उत्तरायणी जैसे लोकपर्वों से जोड़ना जरूरी है। लोक संस्कृति को घरों, गांवों और सामाजिक जीवन का हिस्सा बनाना होगा। उन्होंने प्रवासी उत्तराखंडियों से भी अपनी बोली-भाषा, लोकगीतों और परंपराओं को आगे बढ़ाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सांस्कृतिक विरासत, लोककलाओं, पारंपरिक मेलों और लोकभाषाओं के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है, लेकिन यह केवल सरकार का नहीं, समाज के हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से सभी लोकपर्व उत्साह और पारंपरिक गरिमा के साथ मनाने तथा स्थानीय लोककलाकारों और पारंपरिक उत्पादों को प्रोत्साहित करने की अपील की।
