जयपुर: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को दिल्ली दौरे पर रहे, जहां उन्होंने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल से अलग-अलग महत्वपूर्ण मुलाकात की। माना जा रहा है कि प्रदेश के बुनियादी ढांचे, जल परियोजनाओं और आंतरिक सुरक्षा को गति देने के लिहाज से यह दौरा निर्णायक रहा। बैठकों में राज्य के विकास रोडमैप, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और सीमावर्ती सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।

जल शक्ति मंत्री के साथ हुई बैठक में राज्य की महत्वाकांक्षी जल परियोजनाओं, पेयजल आपूर्ति और सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया। मरुस्थलीय राज्य में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए केंद्र के सहयोग और लंबित परियोजनाओं को जल्द धरातल पर उतारने पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठक में सीएम ने राज्य सरकार के कामकाज और फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट साझा की। दोनों नेताओं के बीच सहमति बनी कि केंद्र और राज्य की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक तेजी से पहुंचाया जाए।

बैठक में आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था भी केंद्र में रही। संवेदनशील बॉर्डर स्टेट होने के नाते सीएम ने सीमावर्ती जिलों की सुरक्षा चाक-चौबंद करने के लिए केंद्र से विशेष सहयोग की अपेक्षा जताई। गौरतलब है कि हाल ही में श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़-सूरतगढ़ (रामसिंहपुर) रेलवे ट्रैक पर आतंकी बम विस्फोट की घटना सामने आई थी, जिसमें राजस्थान एटीएस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान समर्थित आतंकी साजिश का पर्दाफाश किया और पंजाब से दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था। सूत्रों के अनुसार सीएम ने गृह मंत्री को इस ऑपरेशन और सीमा पार की गतिविधियों पर अंकुश के कदमों की जानकारी दी।

राजनीतिक दृष्टि से भी यह मुलाकात महत्वपूर्ण रही। सीएम ने प्रदेश में हाल ही में संपन्न निकाय और पंचायत चुनावों के परिणामों तथा संगठनात्मक फीडबैक से अमित शाह को अवगत कराया। इस दौरान चुनावों में पार्टी संगठन की रणनीति और स्थानीय नेताओं की भूमिका का ब्यौरा भी शीर्ष नेतृत्व के सामने रखा गया।