लखीमपुर के ग्राम बेल खुर्द में पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेले का आयोजन किया गया, जिसमें पशु चिकित्सकों ने पशुपालकों को बेहतर पशुधन प्रबंधन और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। पशु चिकित्सालय नकहा की ओर से आयोजित इस मेले का शुभारंभ ग्राम प्रधान संदीप कुमार वर्मा ने गो पूजन और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।

ईसानगर के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि नवजात बछड़ों को समय से कृमिनाशक दवा, खनिज मिश्रण, हरा चारा और संतुलित आहार देने से उनका बेहतर विकास होता है और पशुपालक दो वर्ष में अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं। उन्होंने दुधारू पशुओं में थनैला रोग के लक्षण और बचाव की भी जानकारी दी।

उपमुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश कुमार ने पशुधन बीमा योजना के बारे में बताया कि इसमें पशुपालकों को 90 प्रतिशत तक अनुदान मिलता है। उन्होंने गलाघोंटू और खुरपका-मुंहपका रोग से बचाव के लिए टीकाकरण की आवश्यकता बताई। नकहा के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने देसी गोवंश संवर्धन, मिनी नंदिनी और नंदिनी कृषक योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि विभिन्न योजनाओं में 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है।

शिविर में 85 पशुपालकों के 658 गाय, भैंस और बकरियों का उपचार किया गया, जिसमें कृमिनाशक दवा पिलाने, गर्भ परीक्षण, सामान्य चिकित्सा और बधियाकरण की सेवाएं शामिल रहीं। इस दौरान पशुधन प्रसार अधिकारी संजीव कुमार तिवारी, दर्शन सिंह राना, राजेश प्रसाद, श्रीप्रकाश सहित पशुमित्र और बड़ी संख्या में पशुपालक मौजूद रहे।