मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात 2 से 3 बजे के बीच एक सड़क हादसा हुआ। जैतहरी-वेंकटनगर मुख्य मार्ग पर छुलहा गांव के पुराने रेलवे फाटक के पास एक बोलेरो गाड़ी सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक से टकरा गई। हादसे में आर्मी जवान समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।
जैतहरी थाना क्षेत्र के धनगवां गांव निवासी एक युवक सेना में पदस्थ था। ट्रेन से अनूपपुर पहुंचने पर उसका बड़ा भाई गांव के तीन अन्य युवकों के साथ बोलेरो लेकर उसे लेने अनूपपुर रेलवे स्टेशन आया था। स्टेशन से जवान को लेकर सभी बोलेरो से धनगवां लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। गाड़ी में चार लोग सवार थे।
हादसे में बोलेरो सवार मोहम्मद करीम, आर्मी जवान विनीत विश्वकर्मा (26) और दीनबंधु विश्वकर्मा (36) की मौके पर मौत हो गई। तीनों धनगवां के निवासी थे। गंभीर रूप से घायल अभिषेक तिवारी (30) को उपचार के लिए जिला अस्पताल अनूपपुर में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों एवं घायल को जिला चिकित्सालय पहुंचाया।
