लखीमपुर खीरी में शनिवार को अपना दल (सोनेलाल) के जिला राज्य स्तरीय कार्यकर्ता समागम में केंद्रीय मंत्री और अपना दल (एस) की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने केंद्र सरकार की ओर से लाए जा रहे परिसीमन (डीलिमिटेशन) विधेयक का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यह बिल पास होने पर उत्तर प्रदेश राजनीतिक रूप से मजबूत राज्य बनेगा और राज्य की लोकसभा व विधानसभा सीटें बढ़ जाएंगी। गोला गोकर्णनाथ विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि परिसीमन के तहत प्रस्तावित बदलावों के बाद उत्तर प्रदेश में लोकसभा सीटें 80 से बढ़कर 120 और विधानसभा सीटें 403 से बढ़कर 605 हो जाएंगी।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अनुप्रिया पटेल ने कहा कि लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी होकर इनकी संख्या 120 हो जाएगी। उन्होंने कहा कि संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है और नई लोकसभा बनने पर उसका आकार बड़ा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा पहले से ही बड़ी थी और बिल पास होने के बाद उत्तर प्रदेश विधानसभा में 605 सदस्य हो जाएंगे।

केंद्रीय मंत्री ने समाजवादी पार्टी के विधानसभा चुनाव के लिए जारी जन मन घोषणा पत्र पर निशाना साधते हुए इसे झूठ का पुलिंदा बताया। गोला विधानसभा सीट से प्रत्याशी उतारने के सवाल पर उन्होंने कहा कि एनडीए में अभी सीटों के बंटवारे पर फैसला नहीं हुआ है।

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव फरवरी-मार्च 2027 में होने की संभावना है। एनडीए में भाजपा की सहयोगी अपना दल (एस) ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है और रविवार को प्रयागराज के अलोपीबाग स्थित सरदार पटेल संस्थान में विजय संकल्प रैली आयोजित कर रही है। रैली में अनुप्रिया पटेल, यूपी सरकार के मंत्री आशीष पटेल और पार्टी के सभी 13 विधायक मौजूद रहेंगे। अपना दल (एस) ने 2022 के विधानसभा चुनाव में 12 सीटें जीती थीं और इस बार 52 सीटों की मांग कर रही है, जिनमें पिछले चुनाव में लड़ी गई 17 सीटें भी शामिल हैं। पार्टी का तर्क है कि इन सीटों पर उसकी स्थिति मजबूत है।