अभिनेता अर्जुन सरजा ने अपनी बड़ी बेटी ऐश्वर्या सरजा को लेकर फैल रही खबरों और आरोपों पर गुरुवार को आधिकारिक बयान जारी किया है। बयान में उन्होंने ऐश्वर्या को 'शराबी' बताने वाले दावों को गैर-जिम्मेदाराना और आपत्तिजनक करार दिया। सरजा ने कहा कि उन्होंने इस मामले में संबंधित अधिकारियों के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि पब्लिक स्क्रूटनी के नाम पर किसी को भी मनगढ़ंत कहानियां गढ़ने या किसी को बदनाम करने का अधिकार नहीं है।

सरजा ने अपने बयान में लिखा कि बिना किसी आधार के एक महिला को शराबी कहना बेहद गैर-जिम्मेदाराना है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परिवार ने शुरुआत में चुप रहना उचित समझा, लेकिन चुप्पी को कभी स्वीकृति नहीं समझा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सम्मान और गरिमा से कभी समझौता नहीं किया जाना चाहिए।

अर्जुन सरजा ने कहा कि यह बात सिर्फ उनकी बेटी की नहीं है, बल्कि हर उस महिला के सम्मान का विषय है जिसकी गरिमा पर सवाल उठाए जाते हैं और जिसकी व्यक्तिगत पसंद को सार्वजनिक फैसले का विषय बना दिया जाता है। उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं को परिवार का समर्थन नहीं मिलता, उनके लिए ऐसे आरोप बेहद नुकसानदेह हो सकते हैं।

बता दें कि ऐश्वर्या और उनके पति उमापति रमैया के बीच अनबन की खबरें सामने आ रही हैं। मामले को तूल तब मिला जब खबरें आईं कि उमापति ऐश्वर्या की छोटी बहन अंजना की शादी में नहीं आए। सोशल मीडिया पर यह भी कहा जा रहा है कि ऐश्वर्या ने इस साल उमापति को बधाई नहीं दी। ऐश्वर्या और उमापति की शादी 10 जून, 2024 को चेन्नई में हुई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों की पहली मुलाकात रियलिटी टेलीविजन शो 'सर्वाइवर' के दौरान हुई थी, जिसे अर्जुन सरजा होस्ट कर रहे थे।