ऑस्ट्रेलियाई थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट के एशिया पावर इंडेक्स 2026 में भारत तीसरे सबसे शक्तिशाली देश के रूप में बना हुआ है। भारत का पावर स्कोर 2025 के 40 से बढ़कर 40.5 हो गया है, जबकि जापान और रूस उससे पीछे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन स्थान की छलांग लगाकर क्षेत्र के दूसरे सबसे प्रभावी नेता बन गए हैं, केवल चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग उनसे आगे हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, सूची में अमेरिका 78.9 अंकों के साथ पहले और चीन 73.6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। 2025 में अमेरिका का स्कोर 80.4 और चीन का 73.7 था। दोनों के बीच अब केवल 5.3 अंकों का अंतर रह गया है, जो 2018 में इंडेक्स शुरू होने के बाद सबसे कम है। जापान 38.6 अंकों के साथ चौथे और रूस 32.2 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है।

इंडेक्स में भारत की आर्थिक क्षमता में गिरावट की बात कही गई है, लेकिन एशिया में उसका प्रभाव बढ़ा है। रिपोर्ट के मुताबिक 2026 में अर्थव्यवस्था और कूटनीति के मोर्चे पर मिले-जुले परिणाम रहे, फिर भी क्षेत्र में भारत का प्रभाव बढ़ा है। भारत की कूटनीति को सफल मानते हुए नई दिल्ली को 70.3 अंक दिए गए हैं।

भारत चीन के ठीक पीछे है, लेकिन दोनों के बीच बड़ा अंतर बताया गया है। रिपोर्ट के अनुसार चीन की कुल ताकत भारत की तुलना में 80 प्रतिशत ज्यादा है। 2026 के एशिया पावर इंडेक्स में 27 देशों और क्षेत्रों को शामिल किया गया है, जिसके लिए ताकत के 8 पैमानों का आकलन किया गया है।