आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए रामपुर मनिहारान सुरक्षित सीट से भीम आर्मी के राष्ट्रीय महासचिव कमल सिंह वालिया को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। पार्टी ने ओवैसी की पार्टी से गठबंधन के बाद प्रत्याशियों की घोषणा शुरू की है और सबसे पहले यही नाम सामने आया है। कमल वालिया चंद्रशेखर आजाद के करीबी सहयोगी और संघर्ष के साथी माने जाते हैं।

मल्हीपुर रोड स्थित गांव रामनगर निवासी कमल वालिया ने 1999 में आईटीसी फैक्ट्री में नियुक्ति पाई थी और काफी समय तक वहां कार्यरत रहे। 2017 में शब्बीरपुर कांड के बाद हुए जातीय संघर्ष में उनका नाम आने पर कंपनी ने उन्हें निकाल दिया था और इस मामले में उन्हें जेल भी जाना पड़ा था। वे शुरुआती दौर में बहुजन समाज पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता थे और 2015 में भीम आर्मी का विस्तार होने पर उन्हें संगठन का पहला जिलाध्यक्ष बनाया गया था।

कमल वालिया पार्टी के गठन से ही राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के साथ रहे और विनय रतन सिंह के साथ संघर्ष में शामिल रहे। इसके चलते उन्हें 2017 और 2020 में जेल जाना पड़ा था। शब्बीरपुर कांड के बाद पुलिस ने चंद्रशेखर और कमल वालिया पर 25 हजार रुपये इनाम भी घोषित किया था। नौ मई 2018 को महाराणा प्रताप जयंती पर रामनगर में हिंसक प्रदर्शन के दौरान गोली लगने से उनके छोटे भाई सचिन वालिया की मौत हो गई थी।

कमल वालिया लंबे समय से भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) से जुड़े हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश के साथ-साथ बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न राज्यों में संगठन को मजबूत करने और बहुजन समाज को एकजुट करने में अहम भूमिका निभाई है। वे दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और वंचित समाज के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा के मुद्दों पर आवाज उठाते रहे हैं तथा प्रशासनिक स्तर पर विरोध-प्रदर्शन और आंदोलन का नेतृत्व करते रहे हैं। रामपुर मनिहारान के ग्राम जमापुर में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा से जुड़े विवाद में उन्होंने प्रशासन से मिलकर शांतिपूर्ण और संवैधानिक समाधान की मांग की थी।

अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित रामपुर मनिहारान विधानसभा सीट से वर्तमान में भाजपा के देवेंद्र निम विधायक हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में देवेंद्र निम को 89109 वोट मिले थे, जबकि बसपा के रविंद्र कुमार 68516 वोटों के साथ दूसरे और सपा-रालोद गठबंधन की ओर से रालोद प्रत्याशी विवेक कांत 64864 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहे थे। आजाद समाज पार्टी ने उस चुनाव में बृजपाल सिंह को प्रत्याशी बनाया था, जिन्हें 4606 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी ओमपाल सिंह को मात्र 1544 वोट मिले थे।