औरैया की सदर कोतवाली पुलिस ने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 89 लोगों पर मिनी गुंडा एक्ट की कार्रवाई की है। इनमें सपा के पूर्व एमएलसी कमलेश पाठक के गुर्गे बताए जा रहे अब्दुल सत्तार का नाम भी शामिल है। गुरुवार दोपहर आरोपितों की सूची जारी की गई और उन्हें नोटिस जारी किया जाएगा। इससे पहले दिबियापुर थाना क्षेत्र में 68 लोगों पर मिनी गुंडा एक्ट लगाया गया था।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार तिवारी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। उनके अनुसार जिन लोगों पर कार्रवाई हुई है, वे पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहे हैं और पुलिस का मानना है कि ये आगमी चुनाव के दौरान गड़बड़ी फैला सकते थे। इन सभी को पाबंद किया गया है कि वे चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखें और किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि में शामिल न हों।
कार्रवाई में शामिल लोगों में खानपुर कस्बा निवासी अब्दुल सत्तार, समरथपुर निवासी नितिन राव, निझाई मुहाल निवासी शायर शुक्ला उर्फ विकास समेत कोतवाली क्षेत्र के विभिन्न गांव-मोहल्लों के लोग हैं। सूची में खानपुर, समरथपुर, निझाई, सत्तेश्वर, पढीन दरवाजा, बनारसीदास, नारायणपुर, गोविंदनगर, कांशीराम कालोनी, तिलक नगर, ब्रह्मनगर, दयालपुर, शाला पंहर, कलापुर, जैतपुर, नगला मिहौली, बसमऊ, मिर्जापुर बसमाह, भरथन, भिंडारी, इकौरा, किशनपुर मड़ैया और जहरौलिया सहित कई इलाकों के नाम हैं।
पुलिस के अनुसार कोतवाली क्षेत्र में जिन लोगों पर कार्रवाई हुई, उनमें 59 आरोपित 18 से 28 वर्ष के बीच हैं। चुनाव को शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
