उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची में अनुमानित आबादी के अनुपात में करीब 2.58 करोड़ मतदाताओं की कमी है, जिनमें 1.64 करोड़ महिलाएं हैं। इस अंतर को पाटने के लिए चुनाव आयोग विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के दौरान महिला मतदाताओं को जोड़ने का विशेष अभियान चलाएगा। प्रदेश की अनुमानित जनसंख्या में प्रति एक हजार पुरुषों पर 922 महिलाएं हैं, जबकि मतदाता सूची में यह अनुपात 840 है। फिलहाल सूची में 13.58 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें 7.38 करोड़ पुरुष और 6.20 करोड़ महिलाएं शामिल हैं।

आयोग गांवों और शहरी बस्तियों में महिलाओं तक पहुंचने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा, एएनएम और महिला स्वयं सहायता समूहों को अभियान से जोड़ेगा। ये घर-घर जाकर पात्र महिलाओं की पहचान कर उन्हें मतदाता बनने के लिए प्रेरित करेंगी। राशन कार्ड के लाभार्थियों की सूची भी अभियान का आधार बनेगी, जिससे उन पात्र सदस्यों की पहचान की जाएगी जिनका नाम अभी मतदाता सूची में दर्ज नहीं है।

इसके अलावा औद्योगिक संस्थानों, आरडब्ल्यूए, अधिवक्ता, श्रमिक, व्यापारिक और चिकित्सक संगठनों से भी सहयोग लिया जाएगा। गांवों में परिवार रजिस्टर का मिलान मतदाता सूची से कराया जाएगा। नई बहुओं और 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी युवतियों के नाम जोड़ने पर भी जोर रहेगा।

आयोग का प्रयास है कि मतदाता सूची में महिलाओं की कम भागीदारी दूर कर आबादी के अनुपात में उनका प्रतिनिधित्व बढ़ाया जाए, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में आधी आबादी की भागीदारी अधिक प्रभावी हो सके।