तिहाड़ जेल से रिहा होने के बाद समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान ने रामपुर में अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने सरकार पर हमला बोला और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर बिना नाम लिए निशाना साधा। आजम खान ने कहा कि ओवैसी पेशे से बैरिस्टर हैं, मौलाना नहीं। उन्होंने कहा कि सिर्फ दाढ़ी रख लेने से कोई मौलाना या साधु नहीं बन जाता। मौलाना बनने के लिए मौलवियत की और फतवा देने के लिए मुफ्ती की बाकायदा डिग्री होना जरूरी है।
आजम खान ने कहा कि रामपुर और इस पूरे क्षेत्र में हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं की जाती। यहां के लोग पुलाव और मटन बिरयानी पसंद करते हैं और वही खाते हैं।
सपा नेता ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027, सांप्रदायिक राजनीति और जांच एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में काफी समय है, लेकिन अब कोई चुनाव जाति और धर्म के नाम पर नहीं लड़ा जाएगा। उनके मुताबिक, धर्म को धर्म और मजहब को मजहब वाले ही नुकसान पहुंचा रहे हैं।
आजम खान ने कहा कि उनके साथ कैसा बर्ताव किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें पता होता कि पढ़ाई पूरी करने के बाद वह एक यूनिवर्सिटी बनाएंगे, और यह भी जानते कि आजादी से बड़ा कोई वरदान या खजाना नहीं है, तो वह जेल में रहने के बजाय रिक्शा चलाना ज्यादा पसंद करते।
