सोनभद्र की ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार 'सोनअर्थ' ब्रांड के उत्पाद अब प्रदेश स्तर पर पहचान बना रहे हैं। समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव गोंड़ ने लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के हाथों से बने सोनअर्थ उत्पाद भेंट किए। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के हुनर को बाजार और ब्रांड की पहचान दिलाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी मुख्यमंत्री को दी।

मुख्यमंत्री को भेंट किए गए उत्पादों में ज्वार, रागी, कोदो और गेहूं के ठेकुआ, जंगल के फूलों से संग्रहित प्राकृतिक शहद, हर्बल शहद, मंदिरों में चढ़ाए गए फूलों से बनी शिव द्वार अगरबत्ती के साथ-साथ बकरी के दूध, काफी, हल्दी-चंदन और हर्बल साबुन शामिल रहे। इन उत्पादों में स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों और परंपराओं को आजीविका से जोड़ने की कोशिश की गई है।

सोनअर्थ ब्रांड से 4,700 से अधिक महिलाएं जुड़ी हुई हैं। इनमें एक हजार से अधिक महिलाएं साबुन निर्माण, 200 से अधिक अगरबत्ती निर्माण, दो हजार से अधिक श्रीअन्न की खेती, 500 से अधिक ठेकुआ निर्माण तथा एक हजार से अधिक महिलाएं शहद उत्पादन और संग्रहण से जुड़ी हैं।

जिला खनिज फाउंडेशन के सहयोग से ब्रांड के लोगो, आकर्षक पैकेजिंग, प्रचार सामग्री और गुणवत्ता जांच की व्यवस्था विकसित की जा रही है। इसका उद्देश्य उत्पादों को स्थानीय बाजार तक सीमित रखने के बजाय व्यापक पहचान और बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है।