सीकर जिले में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों की मतगणना 20 नवंबर को होनी है। नतीजों से पहले भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने प्रत्याशियों को अलग-अलग रिसॉर्ट्स और होटलों में ठहराकर बाड़ेबंदी शुरू कर दी है, ताकि हॉर्स ट्रेडिंग न हो सके। दोनों दलों का कहना है कि उम्मीदवार प्रशिक्षण शिविर में हैं।

जानकारी के अनुसार भाजपा ने नीमकाथाना पंचायत समिति के 27 और पाटन पंचायत समिति के 19 प्रत्याशियों को रिसॉर्ट में शिफ्ट किया है। पार्टी ने सीकर के प्रत्याशियों को पुष्कर के अलग-अलग होटलों में भी रखा है। सोशल मीडिया पर चर्चित एक वीडियो में छह महिला प्रत्याशी अपने परिवारों के साथ स्विमिंग पूल में नहाते और डांस करते नजर आ रही हैं, जबकि कुछ महिला प्रत्याशी भजन-कीर्तन में व्यस्त बताई जा रही हैं।

कांग्रेस ने पिपराली पंचायत समिति के प्रत्याशियों को उदयपुर में ठहराया है, जहां सीकर विधायक राजेंद्र पारीक खुद मौजूद हैं। एक वीडियो में विधायक के भतीजे अंकित प्रत्याशियों के साथ क्रिकेट खेलते नजर आ रहे हैं, जबकि विधायक बाउंड्री के बाहर बैठकर मैच देखते दिखे। सीकर में भाजपा की ओर से सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रेमसिंह बाजौर और कांग्रेस की ओर से जिलाध्यक्ष सुनीता गठाला सहित राजेंद्र पारीक मोर्चा संभाल रहे हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़ और कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता गठाला दोनों ने बाड़ेबंदी को प्रशिक्षण शिविर बताया है।

सीकर जिला प्रमुख का पद ओबीसी महिला वर्ग के लिए आरक्षित है, इसलिए दोनों पार्टियों की नजरें माकपा, रालोपा और निर्दलीय प्रत्याशियों पर भी टिकी हैं। किसी दल को स्पष्ट बहुमत न मिलने की स्थिति में ये विजयी प्रत्याशी सत्ता के समीकरण बनाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। बताया जा रहा है कि मतगणना के दिन पार्टियां प्रत्याशियों को मतगणना केंद्र लाएंगी। फिलहाल सीकर की सियासत में सबकी नजर 20 नवंबर की मतगणना पर है।