इंग्लैंड के खिलाफ 21 नवंबर से मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में शुरू हो रही पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज से पहले मेजबान ऑस्ट्रेलिया को दोहरा झटका लगा है। युवा तेज गेंदबाज महली बियर्डमैन और जेवियर बार्टलेट चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। बियर्डमैन के बाएं पैर की जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव है, जबकि बार्टलेट बाएं घुटने की चोट से जूझ रहे हैं। इससे पहले नाथन एलिस भी साइड स्ट्रेन के कारण सीरीज से बाहर हो चुके हैं।
टीम को इनके अलावा ट्रेविस हेड, मैट रेनशॉ, कैमरन ग्रीन, जोश इंग्लिस और कूपर कॉनॉली की सेवाएं भी नहीं मिलेंगी, जिन्हें वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम दिया गया है। वहीं, पैट कमिंस और जोश हेजलवुड अगले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज की तैयारियों के चलते इस सीरीज का हिस्सा नहीं हैं।
राहत की बात यह है कि चोट से उबरने के बाद बिली स्टेनलेक को टी20 स्क्वॉड में वापस बुलाया गया है। उन्होंने इसी सप्ताह की शुरुआत में घरेलू वनडे कप के जरिए प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की थी। इससे पहले बेन ड्वारशुइस, राइली मेरेडिथ और अनकैप्ड तेज गेंदबाज हेनरी थॉर्नटन को भी चोटिल खिलाड़ियों के बैकअप के तौर पर टीम में जोड़ा गया था।
बार्टलेट की चोट का आगे आकलन किया जाएगा, जबकि बियर्डमैन के आगामी बिग बैश लीग में पर्थ स्कॉर्चर्स के अभियान तक फिट होने की उम्मीद है। अगले तीन महीनों में ऑस्ट्रेलिया को 10 टेस्ट मैच खेलने हैं और हाल ही में वनडे डेब्यू पर प्रभावित करने वाले बियर्डमैन को टेस्ट सेटअप में शामिल करने की चर्चा तेज थी, लेकिन बिना फर्स्ट-क्लास डेब्यू किए इस चोट ने उनकी राह फिलहाल मुश्किल कर दी है।
इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम इस प्रकार है: मिचेल मार्श (कप्तान), निखिल चौधरी, टिम डेविड, जोएल डेविस, बेन ड्वारशुइस, जैक एडवर्ड्स, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, सैम हार्पर, स्पेंसर जॉनसन, राइली मेरेडिथ, मिच ओवेन, लाचलान शॉ, बिली स्टेनलेक, हेनरी थॉर्नटन और एडम जाम्पा।
