ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने हिंदू रीति-रिवाजों के साथ अपना 34वां जन्मदिन मनाया। उन्होंने कुर्ता पहनकर माथे पर तिलक लगाया और पूजा की थाली सजाई। बैनक्रॉफ्ट ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर जन्मदिन की तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें उनकी थाली में दीया, तिलक और कुमकुम रखा दिखाई दे रहा है। तस्वीरें शेयर करते हुए उन्होंने लिखा कि वे अपना 34वां जन्मदिन कभी नहीं भूल सकते और सभी के प्यार और आशीर्वाद के लिए धन्यवाद दिया।

बता दें कि बैनक्रॉफ्ट साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2018 में केपटाउन टेस्ट में हुए सैंडपेपर विवाद में आरोपी रहे थे। इस मामले में उन्हें नौ महीने के लिए क्रिकेट से बैन किया गया था। मामले में डेविड वॉर्नर और स्टीव स्मिथ पर एक साल का इंटरनेशनल बैन लगा था, जबकि वॉर्नर पर लगा लाइफटाइम लीडरशिप का बैन 2024 में हटा दिया गया था।

हाल ही में पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने दावा किया था कि 2018 के सैंडपेपर मामले की जानकारी पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को थी। पैट कमिंस और अन्य क्रिकेटरों ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया था। बैनक्रॉफ्ट ने ख्वाजा के आरोपों को सही ठहराते हुए कहा है कि पूरी टीम को इसकी जानकारी थी। वॉर्नर ने भी ख्वाजा का समर्थन किया था।