नेपाल की क्रिकेट टीम अगले साल लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर बांग्लादेश के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेलेगी। यह मैच 3 जून 2027 को खेला जाएगा और नेपाल के इंग्लैंड दौरे का हिस्सा होगा। नेपाली क्रिकेट के लिए यह मुकाबला इसलिए भी खास है, क्योंकि पहली बार वह लॉर्ड्स पर किसी आईसीसी फुल मेंबर देश के खिलाफ खेलेगा।

नेपाल अपने इंग्लैंड दौरे पर कुल छह अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलेगी। 1 जून 2027 को स्कॉटलैंड के खिलाफ पहला वनडे वॉर्म्सली में होगा, जबकि 3 जून को बांग्लादेश के खिलाफ एकमात्र टी20 लॉर्ड्स में खेला जाएगा। इसके बाद 6 जून को आयरलैंड के खिलाफ दूसरा वनडे वॉर्म्सली में, 9 जून को आयरलैंड के खिलाफ पहला टी20 वॉर्म्सली में और 11 तथा 12 जून को आयरलैंड के खिलाफ दूसरा और तीसरा टी20 बेकनहैम में खेला जाएगा।

बांग्लादेश की टीम भी अगले साल इंग्लैंड दौरे पर रहेगी और 28 मई 2027 से लॉर्ड्स में मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट खेलेगी। बांग्लादेश 17 साल बाद इस मैदान पर टेस्ट खेलेगा। नेपाल और बांग्लादेश के बीच अब तक दो टी20 इंटरनेशनल मुकाबले हुए हैं, जो 2014 और 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में खेले गए थे और दोनों में बांग्लादेश ने जीत दर्ज की थी।

नेपाल क्रिकेट एसोसिएशन (CAN) के अध्यक्ष चतुर बहादुर चंद ने इस मुकाबले को देश के क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि टीम लॉर्ड्स पर बांग्लादेश के खिलाफ खेलने को लेकर उत्साहित है और यह किसी आईसीसी फुल मेंबर के खिलाफ लॉर्ड्स में नेपाल का पहला मुकाबला होगा। उन्होंने आयोजन में सहयोग के लिए एमसीसी, ईसीबी, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड, क्रिकेट स्कॉटलैंड और क्रिकेट आयरलैंड का आभार जताया। मेरिलबोन क्रिकेट क्लब (MCC) के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर रॉब लॉसन ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में नेपाल क्रिकेट बोर्ड के साथ उनके संबंध मजबूत हुए हैं और उन्होंने नेपाल में क्रिकेट के प्रति फैंस के जुनून की सराहना की।