भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने हांगकांग सिक्सेस 2026 से होने वाली अपनी कमाई तीन दिव्यांग क्रिकेट संस्थाओं को दान करने का फैसला किया है। बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बोर्ड का मकसद सिर्फ क्रिकेट को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि खेल को सबको साथ लेकर चलना है।
जिन तीन संस्थाओं को यह राशि दी गई है, उनमें व्हीलचेयर क्रिकेट इंडिया एसोसिएशन, क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया और इंडियन डेफ क्रिकेट एसोसिएशन शामिल हैं। सैकिया के मुताबिक, बोर्ड मानता है कि उसकी जिम्मेदारी क्रिकेट को बढ़ावा देने से कहीं ज्यादा है। इस पहल से दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए मौके बनाने और अलग-अलग स्तर पर क्रिकेट को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
क्रिकेट हांगकांग, चीन ने एक्स पर पोस्ट शेयर कर इसकी जानकारी दी। पोस्ट में कहा गया, "क्रिकेट सभी के लिए है। बीसीसीआई ने हांगकांग सिक्सेस 2026 की अपनी पार्टिसिपेशन फीस तीन चैरिटी को डोनेट की है।" इसमें व्हीलचेयर क्रिकेट इंडिया एसोसिएशन, क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया और इंडियन डेफ क्रिकेट एसोसिएशन का नाम शामिल है। क्रिकेट हांगकांग ने आईसीसी चेयरमैन जय शाह और बीसीसीआई को खेल के विकास तथा सबको साथ लेकर चलने वाले क्रिकेट को सपोर्ट करने के लिए धन्यवाद दिया।
हांगकांग सिक्सेस टूर्नामेंट 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक खेला गया था, जिसमें कुल 12 इंटरनेशनल टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में अफगानिस्तान ने जीत हासिल कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था।
