पीलीभीत टाइगर रिजर्व में गुरुवार सुबह सप्त सरोवर मार्ग पर बाघिन रंभा अपने चार शावकों के साथ विचरण करती दिखी। शावकों की मासूम अठखेलियां देखकर पर्यटक रोमांचित हो उठे और इस दृश्य को कैमरों में कैद किया। बराही गेट की सफारी इन दिनों सैलानियों की पहली पसंद बनी हुई है।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) में गुरुवार सुबह सफारी के दौरान पर्यटकों को दुर्लभ नजारा देखने को मिला। सप्त सरोवर मार्ग पर बाघिन रंभा अपने चार शावकों के साथ घूमती दिखाई दी। नन्हे शावक कभी बाघिन के आसपास उछल-कूद करते तो कभी आपस में खेलते और एक-दूसरे को दुलारते नजर आए। गाइड के अनुसार, यह पूरा कुनबा सुबह सप्त सरोवर जाते समय सफारी मार्ग पर दिखा।
शावकों की मासूम अठखेलियां और उनके साथ मस्ती करती बाघिन का नजारा देखकर पर्यटक भावुक हो उठे। कुछ देर तक सैलानी इस खूबसूरत दृश्य को निहारते रहे और इसे कैमरों व यादों में कैद करते नजर आए। जंगल के प्राकृतिक वातावरण में बाघिन और उसके शावकों का यह नजारा उनके लिए सफारी का सबसे यादगार पल बन गया।
नए पर्यटन सत्र की शुरुआत के बाद से रिजर्व में पर्यटकों की आमद लगातार बढ़ रही है। सुबह और शाम की सफारी के दौरान पर्यटकों को अलग-अलग स्थानों पर बाघों की मौजूदगी देखने को मिल रही है। रंभा बाघिन अपने खास अंदाज के चलते पहले से ही चर्चित रही है, और चार शावकों की मां बनने के बाद उसकी लोकप्रियता और बढ़ गई है। करीब तीन से चार माह की उम्र के शावक अपनी चंचलता और सुंदरता से पर्यटकों का ध्यान खींच रहे हैं। बाघिन का अपने कुनबे के साथ स्वच्छंद विचरण बराही गेट की सफारी का खास आकर्षण बन गया है, जिसके चलते पर्यटक उसकी एक झलक पाने को उत्साहित नजर आ रहे हैं।
