राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या की पहचान 'टूरिस्ट डेस्टिनेशन' के साथ अब 'वेडिंग डेस्टिनेशन' के रूप में भी बन रही है। दूर-दराज के जिलों और दूसरे राज्यों के लोग यहां पहुंचकर होटलों में शादी कर रहे हैं और विवाह के बाद रामलला के दर्शन कर पुण्यलाभ भी अर्जित कर रहे हैं। भगवान श्रीराम की जन्मस्थली होने के कारण रामनगरी में होने वाली शादियां लोगों के लिए चिरस्मरणीय बनी रहती हैं।
इसी कारण यहां के होटलों में नवंबर से फरवरी तक कई विवाह समारोहों की बुकिंग पहले से हो चुकी है। किसी समारोह में दोनों पक्ष दूसरे जिलों या राज्यों के हैं, तो किसी में वधू पक्ष बाहर का और वर पक्ष यहां का रहने वाला है। शादी समारोह ही नहीं, अन्य मांगलिक आयोजनों के लिए भी अयोध्या पसंदीदा स्थल बन गया है।
ढाई वर्ष पूर्व दिव्य मंदिर में रामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के बाद रामनगरी ने पर्यटन के क्षेत्र में अपनी वैश्विक पहचान स्थापित की है। देश के विभिन्न प्रांतों के अलावा विदेश से भी पर्यटक और श्रद्धालु रामलला के दर्शन के साथ अन्य पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने पहुंच रहे हैं। यहां अच्छे होटल और रेस्टोरेंट खुलने तथा सड़क, रेल और वायु मार्ग के बेहतर संसाधन उपलब्ध होने से आसपास के जिलों और दूसरे राज्यों के लोग वैवाहिक समारोहों के लिए भगवान राम की धरती का चयन कर रहे हैं।
पहले अधिकांशतः स्थानीय लोग ही शहर में विवाह और अन्य मांगलिक आयोजन करते थे, लेकिन एक-दो वर्ष से गैर जिला और राज्यों के लोग भी रामनगरी के प्रति आकर्षित हुए हैं। होटल शाने अवध के मालिक शरद कपूर के अनुसार, शादियों की बुकिंग कराने वालों में अधिकांशतः एक पक्ष दूसरे जिलों का होता है, जबकि दोनों पक्ष बाहर के हों ऐसी शादियों की संख्या काफी कम है। अयोध्या के रामबाग में अब डेस्टिनेशन वेडिंग लोकेशन बन गया है, जहां दोनों पक्ष बाहर से आकर विवाह कर रहे हैं। विदेश मंत्रालय में सहायक अनुभाग अधिकारी विशाल तिवारी मूलरूप से सुलतानपुर के रहने वाले हैं और अगले वर्ष 27 फरवरी को सिविल लाइन स्थित होटल शाने अवध में विवाह करने जा रहे हैं। उनके पिता राजेंद्र तिवारी जयपुर में ट्रांसपोर्ट मैनेजर हैं और वधू पक्ष भी राजस्थान का ही है। उनका कहना है कि वे जयपुर में भी विवाह कर सकते थे, लेकिन अयोध्या में विवाह करने की अलग अनुभूति होगी और विवाहोपरांत दोनों पक्ष रामलला का दर्शन भी कर सकेंगे।
