पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती को मंगलवार सुबह अनंतनाग जिले में शेषनाग झील जाते समय पुलिस ने रोक दिया। वे पार्टी विधायकों के साथ अमरनाथ मार्ग पर चंदनवाड़ी से शेषनाग तक पैदल जा रही थीं। दरअसल, एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें शेषनाग झील के पास भारी मशीनों से खुदाई होती दिख रही है। यह खुदाई सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अमरनाथ यात्रा कॉरिडोर विस्तार से जुड़ी बताई जा रही है, लेकिन संवेदनशीलता के चलते इसका विरोध हो रहा है।
महबूबा मुफ्ती ने सरकार पर आरोप लगाया कि शेषनाग में बड़ी मशीनें और बुलडोजर ले जाए गए हैं और वहां खुदाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जंगल, पहाड़ और ग्लेशियर अमरनाथ में बनने वाले शिवलिंग में बड़ी भूमिका निभाते हैं, और अगर पर्यावरण इस तरह नष्ट किया जाएगा तो शिवलिंग कैसे बनेगा। उन्होंने शेषनाग को हिंदू परंपरा में पूजनीय और कश्मीरियत का प्रतीक बताया। उनका यह भी आरोप था कि डेवलपमेंट के नाम पर लैंडस्केप बदला जा रहा है।
पीडीपी अध्यक्ष ने केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मामले में दखल देने की अपील की और कहा कि कश्मीर के नाजुक हिमालयी पर्यावरण से समझौता नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिमालयी पहाड़ों, जंगलों और ग्लेशियरों के रूप में जम्मू-कश्मीर के पास पर्यावरण के अलावा कुछ और नहीं है।
बीआरओ ने 23 नवंबर को जारी एक बयान में कहा था कि यात्रा के बाद ट्रैक चौड़ा करने का काम तय सुरक्षा और पर्यावरण नियमों के तहत हो रहा है और मौजूदा ट्रैक तक ही सीमित है। बयान के मुताबिक भीड़ में भगदड़ न हो, इसलिए ट्रैक चौड़ा करना जरूरी है, कमजोर हिस्सों को स्थिर किया जा रहा है और खुदाई की मिट्टी का सुरक्षित निपटान किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि इस साल अमरनाथ यात्रा शुरू होने के पांच दिन बाद ही शिवलिंग पूरी तरह पिघल गया था।
