अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच पहली ट्रेन सेवा आज से शुरू हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह जनकपुर धाम-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस का उद्घाटन करेंगे। यह ट्रेन उत्तर प्रदेश और बिहार के 10 स्टेशनों से गुजरेगी। वाल्मीकि रामायण के मुताबिक, राजा दशरथ को राम बारात लेकर जनकपुर पहुंचने में चार दिन लगे थे, जबकि अब यह सफर लगभग 19 घंटे में पूरा होगा। आम यात्रियों के लिए यह सेवा 28 नवंबर से शुरू होने की उम्मीद है।
ट्रेन अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिशो, मधुबनी और जयनगर स्टेशनों से होकर जाएगी। जयनगर से ट्रेन नेपाल में प्रवेश कर जनकपुर धाम पहुंचेगी। यह साप्ताहिक सेवा होगी, जिसमें जनकपुर धाम से अयोध्या के लिए ट्रेन शनिवार को और अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के लिए सोमवार को रवाना होगी।
चूंकि यह ट्रेन अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करेगी, इसलिए जयनगर स्टेशन पर यात्रियों के पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेजों की जांच की जाएगी। इसी वजह से जनकपुर से अयोध्या आने के दौरान यहां एक घंटे और अयोध्या से जनकपुर जाने के दौरान दो घंटे का ठहराव होगा। दोनों दिशाओं के लिए अलग-अलग रिजर्वेशन चार्ट बनाए जाएंगे, जिनमें यात्रियों की नागरिकता और पहचान पत्र की जानकारी होगी।
ट्रेन में कुल 17 कोच होंगे, जिनमें 8 एसी और 7 स्लीपर कोच शामिल हैं। एसी श्रेणी में छह थर्ड एसी और दो सेकेंड एसी कोच होंगे, जबकि बाकी दो कोच लगेज, गार्ड और पैंट्री के लिए होंगे। ट्रेन में फर्स्ट एसी और जनरल कोच नहीं होंगे तथा आरएसी और वेटिंग टिकट की सुविधा भी नहीं रहेगी। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों के लिए अलग कोटा भी नहीं होगा। फिलहाल ट्रेन का आधिकारिक किराया घोषित नहीं किया गया है।
भारत और नेपाल के बीच पहले से जयनगर-जनकपुर-बिजलपुरा रेल सेवा चल रही है, जिसका उद्घाटन 2 अप्रैल 2022 को पीएम मोदी और नेपाल के तत्कालीन प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने संयुक्त रूप से किया था। नई सेवा से अयोध्या तक सीधा संपर्क मिलेगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अयोध्या भगवान राम और जनकपुर माता सीता की जन्मस्थली है। इस सेवा से श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान होने और रास्ते के शहरों में पर्यटन कारोबार को फायदा मिलने की उम्मीद है।
